मधुबनी। रहिका प्रखंड क्षेत्र की ईजरा पंचायत के भलन परिसर में मुखिया जाहिदा खातुन की अध्यक्षता में विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया। ग्रामसभा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नई सूची में शामिल लाभुकों के नाम ग्रामीणों को पढ़कर सुनाए गए।
इस दौरान आवास सहायक शंकर मिश्रा ने बताया कि इस बार ईजरा पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के करीब 1500 लाभुकों के नाम सूची में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में आवास योजना के लाभुकों का नाम जोड़ा गया है। उन्होंने इसके लिए मुखिया के सतत प्रयास एवं सहयोग की बात कही।
मुखिया जाहिदा खातुन ने कहा कि पूर्व में कई गरीब एवं जरूरतमंद परिवार आवास योजना के लाभ से वंचित रह जाते थे। उनका प्रयास रहा है कि वास्तविक रूप से पात्र और जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि पंचायत के वार्ड सदस्यों और संबंधित कर्मियों के सहयोग से इस बार बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवारों के नाम आवास योजना की सूची में शामिल हो सके हैं।
उन्होंने कहा कि आवास योजना को लेकर मुखिया पर लगने वाले आरोपों को अपने कार्यकाल में समाप्त करने का प्रयास किया है। उनका उद्देश्य है कि आवास सहित पंचायत की अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचे।
मुखिया ने पंचायतवासियों से अपील की कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्र लाभुक आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें और किसी भी तरह की परेशानी होने पर संबंधित पंचायत कर्मियों से संपर्क करें।
विशेष ग्रामसभा में आवास सहायक शंकर मिश्रा, पंचायत लोहिया स्वच्छ पर्यवेक्षक गंगा प्रसाद महतो, वार्ड सदस्य योगेंद्र महतो, तनवीर आलम, उमेश भंडारी, शिव कुमार, मो. तौकिर, मो. औमेश, मो. जुनैद, मो. अब्बास, दुर्गेश कुमार, मो. अल्लाम, मो. रिजवान, मो. नवाब सहित बड़ी संख्या में पंचायतवासी उपस्थित रहे।
