छह वर्षों से लगातार जरूरतमंद छठव्रतियों की सेवा में जुटी संस्था, साड़ी से लेकर सूप-नारियल और पूजन सामग्री तक उपलब्ध कराई
जयनगर (मधुबनी)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जयनगर में सेवा और समर्पण की एक खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। माँ अन्नपूर्णा सेवा समिति की ओर से जरूरतमंद छठव्रतियों के बीच छठ पूजा की सामग्री और साड़ी का वितरण किया गया। संस्था की इस पहल के तहत 101 चिह्नित छठव्रतियों को पूजा की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई।
माँ अन्नपूर्णा महिला मंच एवं माँ अन्नपूर्णा कम्युनिटी किचन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में लगातार दो दिनों तक जरूरतमंद परिवारों के बीच सामग्री का वितरण किया गया। पूजा सामग्री मिलने के बाद छठव्रतियों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया।
साड़ी, सूप, नारियल से लेकर पूजा की पूरी सामग्री
वितरण के दौरान छठव्रतियों को सूती साड़ी, सूप, कोनिया, नारियल, टाभ, नींबू, गुड़, चीनी, आटा, मैदा, अगरबत्ती, माचिस, अरगौती सहित अन्य आवश्यक पूजन सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही खीर बनाने के लिए जरूरी मसाले भी दिए गए।
संस्था के सदस्यों ने बताया कि सामग्री वितरण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी बिना किसी परेशानी के पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ छठ महापर्व मना सकें।
छह वर्षों से सेवा का सिलसिला जारी
माँ अन्नपूर्णा सेवा समिति पिछले छह वर्षों से लगातार जयनगर क्षेत्र में जरूरतमंद छठव्रतियों की सेवा करती आ रही है। हर वर्ष संस्था की ओर से छठ के अवसर पर जरूरतमंद परिवारों के बीच फल, साड़ी और पूजा सामग्री का वितरण किया जाता है।
संस्था ने बताया कि इस सेवा कार्य में समाज के विभिन्न वर्गों के दानदाताओं और सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहता हैl
जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने की पहल की सराहना
कार्यक्रम में मुख्य पार्षद कैलाश पासवान, उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि अरविंद तिवारी, गुलाब विष्णु नर्सिंग महाविद्यालय के निदेशक रविंद्र प्रसाद सिंह, विक्रांत सिंह, समाजसेवी आनंद पूर्वे, भाकपा-माले के प्रखंड सचिव भूषण सिंह, संस्था के संरक्षक डॉ. सुनील कुमार राउत, गणेश कांस्यकार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
माँ अन्नपूर्णा महिला मंच की अध्यक्षा कामिनी साह, मुन्नी देवी, सरिता कांस्यकार सहित अन्य महिला सदस्यों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाई।
वहीं माँ अन्नपूर्णा कम्युनिटी किचन के सदस्यों में प्रथम कुमार, नवीन साह, विवेक सूरी, लक्ष्मण यादव, सुमित पंजियार, मनीष गुप्ता, पप्पू पूर्वे, दीपक, प्रवीण उर्फ छोटू, सुमित कुमार राउत सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
“आर्थिक परेशानी के कारण कोई छठ मनाने से वंचित न रहे”
मुख्य पार्षद कैलाश पासवान ने संस्था के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि छठ महापर्व की आस्था आज बिहार से निकलकर देश-विदेश तक पहुंच चुकी है। ऐसे पवित्र पर्व के अवसर पर जरूरतमंद परिवारों के बीच पूजा सामग्री का वितरण करना बेहद सराहनीय कार्य है।
गुलाब विष्णु नर्सिंग महाविद्यालय के निदेशक रविंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि माँ अन्नपूर्णा संस्था लगातार सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रही है। जरूरतमंदों की सेवा करना और उनके पर्व को खुशियों से भरना समाजसेवा की सच्ची मिसाल है।
उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि अरविंद तिवारी ने कहा कि समाज में ऐसे कई परिवार हैं, जिनकी छठ महापर्व के प्रति गहरी आस्था है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण उन्हें पूजा की सामग्री जुटाने में परेशानी होती है। ऐसे परिवारों की मदद करना संस्था का सराहनीय प्रयास है।
“अमीर हो या गरीब, छठ की आस्था सबको जोड़ती है”
समिति के मुख्य संयोजक अमित कुमार राउत ने कहा कि छठ महापर्व समाज के हर वर्ग की आस्था से जुड़ा है। अमीर हो या गरीब, सभी लोग समान श्रद्धा के साथ भगवान भास्कर की आराधना करते हैं।
उन्होंने कहा कि छठ की सबसे बड़ी खूबसूरती यही है कि इस पर्व में समाज के अलग-अलग वर्गों के लोग एक साथ घाट पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं।
उन्होंने कहा कि “छठ महापर्व में भगवान और भक्त आमने-सामने होते हैं। ऐसे पवित्र अवसर पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छोटी-सी मदद करना भी हमारे लिए सौभाग्य की बात है।”
अमित कुमार राउत ने बताया कि इस वर्ष सभी के सहयोग से कुल 101 छठव्रतियों के बीच पूजा सामग्री वितरित की गई। छठव्रतियों को पहले से चिह्नित करने का उद्देश्य यह था कि सहायता वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे।
“समाज के सहयोग से जरूरतमंद घरों में भी जलेगा खुशियों का दीप”
संस्था के संरक्षक डॉ. सुनील कुमार राउत ने समाज के लोगों से अपनी सामर्थ्य के अनुसार ऐसे सामाजिक और धार्मिक कार्यों में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से ही जरूरतमंद परिवारों के घरों में भी छठ महापर्व की खुशियां और श्रद्धा का दीप जलता रहेगा।
पूजा सामग्री मिलने के बाद छठव्रतियों ने संस्था के सदस्यों और सहयोग करने वाले दाताओं के प्रति आभार जताया।
सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता की बनी मिसाल
छठ महापर्व सिर्फ पूजा और व्रत का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, अनुशासन, स्वच्छता, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और आपसी भाईचारे का भी संदेश देता है। ऐसे में माँ अन्नपूर्णा सेवा समिति की ओर से जरूरतमंद छठव्रतियों को पूजा सामग्री उपलब्ध कराना सेवा और मानवीय संवेदना की एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आया है।
संस्था का कहना है कि आने वाले वर्षों में भी जरूरतमंद परिवारों की मदद का यह सिलसिला जारी रहेगा, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी परिवार की छठ की आस्था के बीच बाधा न बने।
