मधुबनी। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर मधुबनी जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनी रहे, इसे लेकर प्रशासन लगातार तैयारियों का जायजा ले रहा है।
इसी क्रम में जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने शुक्रवार को पुलिस केंद्र, मधुबनी स्थित काली मंदिर, तालाब सहित शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, रोशनी, श्रद्धालुओं के आने-जाने के रास्ते तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
इस दौरान मधुबनी एसडीएम चंदन झा, टाउन थाना इंस्पेक्टर मनोज कुमार, मेयर अरुण राय के प्रतिनिधि प्रशांत कुमार समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन की ओर से छठ घाटों पर भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम करने पर जोर दिया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि छठ महापर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो तथा श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मधुबनी पुलिस एवं प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और छठ घाटों पर सावधानी के साथ पूजा-अर्चना करें।
