Friday, July 31, 2026
No menu items!
Homeधर्मअंधराठाढ़ी में मंदिरों को निशाना बना रहे चोर, प्राचीन दुर्गा स्थान ठाढ़ी...

अंधराठाढ़ी में मंदिरों को निशाना बना रहे चोर, प्राचीन दुर्गा स्थान ठाढ़ी के सूर्य मंदिर की दानपेटी का ताला तोड़कर दान राशि लेकर फरार

अंधराठाढ़ी (मधुबनी): मधुबनी जिले के अंधराठाढ़ी प्रखंड क्षेत्र में मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ताजा मामला प्राचीन दुर्गा स्थान ठाढ़ी स्थित सूर्य मंदिर का है, जहां अज्ञात चोरों ने देर रात मंदिर परिसर में घुसकर दानपेटी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखी दान राशि लेकर फरार हो गए।

घटना की जानकारी शनिवार सुबह उस समय मिली, जब मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने दानपेटी का टूटा हुआ ताला देखा। इसके बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मंदिर परिसर में जुट गई। सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और जल्द कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि अंधराठाढ़ी क्षेत्र के मंदिर लगातार चोरों के निशाने पर हैं। इससे पहले भी परमेश्वरी स्थान मंदिर में चोरी की घटना हो चुकी है, लेकिन अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो पाया है। लगातार हो रही इन घटनाओं से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। श्रद्धालुओं का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर चोरी की घटनाएं न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं, बल्कि लोगों की धार्मिक आस्था को भी ठेस पहुंचाती हैं।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बावजूद पुलिस प्रभावी कार्रवाई करने में सफल नहीं रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते चोरों की गिरफ्तारी होती तो इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होती।

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द से जल्द चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। साथ ही मंदिरों की सुरक्षा के लिए नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखने की भी मांग की गई है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र चोरी की घटना का खुलासा नहीं किया गया और दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग पुलिस की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर