मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले के मधेपुर थाना क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 4 की एक महिला ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों ने उसे “डायन” बताकर न केवल बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उसके साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए जबरन पेशाब भी पिलाया। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़िता सीता देवी ने मधेपुर थाने में दिए गए आवेदन में आरोप लगाया है कि गांव की आरती देवी सहित तीन लोगों ने उन पर डायन होने का आरोप लगाते हुए उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और अभद्र व्यवहार किया। शिकायत के अनुसार आरोपितों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी और प्रताड़ित करने के दौरान जबरन पेशाब पिलाया।
थाने में दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद पीड़िता ने मधेपुर थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
मधेपुर थाना पुलिस ने बताया कि पीड़िता के आवेदन और बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अंधविश्वास पर फिर उठे सवाल
यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी मौजूद अंधविश्वास और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अत्याचारों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह या अंधविश्वास के आधार पर कानून अपने हाथ में न लें तथा किसी भी विवाद की स्थिति में प्रशासन और पुलिस की सहायता लें।
