Wednesday, July 15, 2026
No menu items!
Homeबिहारमधुबनी में शिक्षा को मिली नई रफ्तार: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जिले...

मधुबनी में शिक्षा को मिली नई रफ्तार: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जिले के 7 नए डिग्री कॉलेजों का किया उद्घाटन

 

मधुबनी, 15 जुलाई 2026:

उच्च शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाने की दिशा में बिहार सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के विभिन्न जिलों में नवस्वीकृत डिग्री महाविद्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन किया। इसी क्रम में मधुबनी जिले के सात नए डिग्री महाविद्यालयों का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। इससे जिले के हजारों छात्र-छात्राओं को अब उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

खुटौना प्रखंड स्थित नवस्वीकृत डिग्री महाविद्यालय में आयोजित उद्घाटन समारोह में जिलाधिकारी आनंद शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

जिलाधिकारी ने कहा कि “शिक्षा ही वह शक्ति है जो न केवल एक व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार और समाज की दिशा और दशा बदल सकती है।” उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति जागरूकता और समर्पण की भावना विकसित करने की अपील करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विकसित समाज की आधारशिला है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य उच्च शिक्षा को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना है, ताकि आर्थिक या भौगोलिक कारणों से किसी भी छात्र की पढ़ाई प्रभावित न हो। नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना से स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम को झंझारपुर के सांसद रामप्रीत मंडल ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नए महाविद्यालयों के शुरू होने से क्षेत्र में शिक्षा का स्तर मजबूत होगा और युवाओं को बेहतर भविष्य बनाने का अवसर मिलेगा।

जिले के इन सात प्रखंडों में खुले नए डिग्री कॉलेज

मुख्यमंत्री द्वारा जिन सात नवस्वीकृत डिग्री महाविद्यालयों का उद्घाटन किया गया, उनमें शामिल हैं—

नवस्वीकृत डिग्री महाविद्यालय, खजौली

नवस्वीकृत डिग्री महाविद्यालय, बासोपट्टी

नवस्वीकृत डिग्री महाविद्यालय, बिस्फी

नवस्वीकृत डिग्री महाविद्यालय, हरलाखी

नवस्वीकृत डिग्री महाविद्यालय, फुलपरास

नवस्वीकृत डिग्री महाविद्यालय, खुटौना

नवस्वीकृत डिग्री महाविद्यालय, लौकही

विभिन्न कॉलेजों में प्रशासनिक अधिकारियों की रही मौजूदगी

उद्घाटन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिले के अलग-अलग कॉलेजों में प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी।

खुटौना में उप विकास आयुक्त सुमन प्रसाद साह

लौकही में जिला पंचायत राज पदाधिकारी राकेश कुमार झा

खजौली में अपर समाहर्ता (जिला लोक शिकायत निवारण) राजेश कुमार

फुलपरास में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) संतोष कुमार

बासोपट्टी में अपर समाहर्ता (राजस्व) मुकेश रंजन

बिस्फी में जिला परिवहन पदाधिकारी रामबाबू

उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और नए महाविद्यालयों की शुरुआत पर खुशी जताई।

शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम

मधुबनी जिले में सात नए डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है। इससे ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा अपने ही जिले में उपलब्ध होगी। साथ ही छात्राओं की उच्च शिक्षा में भागीदारी बढ़ने और क्षेत्र के शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर