Wednesday, July 15, 2026
No menu items!
Homeबिहारसमूह लोन के नाम पर साइबर ठगी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब,...

समूह लोन के नाम पर साइबर ठगी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब, ठग दंपत्ति गिरफ्तार; 91 साइबर शिकायतों से जुड़े बैंक खाते का खुलासा

 

मधुबनी, 15 जुलाई।

मधुबनी पुलिस ने समूह लोन (ग्रुप लोन) का झांसा देकर महिलाओं के बैंक खातों का दुरुपयोग कर अंतरराज्यीय साइबर ठगी को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक ठग दंपत्ति को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी महिलाओं के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उनसे जुड़े एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड और अन्य दस्तावेज अपने कब्जे में रख लेते थे तथा देश के विभिन्न राज्यों में सक्रिय साइबर अपराधियों के साथ मिलकर करोड़ों रुपये की ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

पुलिस के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के हराजगंज गुड्डी गाछी वार्ड संख्या-27 की एक महिला ने 14 जुलाई को साइबर थाना, मधुबनी में आवेदन देकर साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए साइबर थाना में कांड संख्या-30/26 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा आईटी एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने रहिका थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक महिला और उसके पति विजय चंद्र पाल को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए। पुलिस के मुताबिक, दोनों समूह लोन दिलाने का लालच देकर महिलाओं के बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद खाते से जुड़े एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक, मोबाइल नंबर और अन्य आवश्यक दस्तावेज अपने पास रख लेते थे। इन्हीं खातों का इस्तेमाल असम, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक समेत कई राज्यों में सक्रिय साइबर अपराधियों के साथ मिलकर ऑनलाइन ठगी के लिए किया जाता था।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों के नियंत्रण वाले बैंक खातों पर अब तक 91 साइबर शिकायतें दर्ज हैं, जिससे इस नेटवर्क के बड़े स्तर पर सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

छापेमारी में बरामद सामान

53 बैंक पासबुक

47 चेकबुक

22 विभिन्न प्रकार की मोहर

4 मोबाइल फोन

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर