मधुबनी, 13 फरवरी 2026
बिहार राज्य हज समिति, पटना द्वारा मधुबनी जिले के कुल 57 हज यात्रियों का चयन किया गया है। चयनित यात्रियों की सूची जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, मधुबनी को उपलब्ध करा दी गई है।
हज यात्रा पर प्रस्थान से पूर्व सभी चयनित यात्रियों की अनिवार्य मेडिकल स्क्रीनिंग एवं टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर सिविल सर्जन द्वारा एक विशेष मेडिकल टीम का गठन किया गया।
निर्धारित स्थल मिथिला टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, मधुबनी में टीकाकरण कैंप का सफल आयोजन किया गया, जहां हज यात्रियों को Quadrivalent Meningococcal Meningitis Vaccine, Seasonal Influenza Vaccine एवं Bivalent Oral Polio Vaccine लगाया गया। साथ ही उनकी विस्तृत स्वास्थ्य जांच भी की गई, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या उत्पन्न न हो।
कैंप स्थल पर श्री अमरेंद्र कुमार (प्रभारी पदाधिकारी, अल्पसंख्यक कल्याण-सह-जिला कल्याण पदाधिकारी, मधुबनी), डॉ. अरशद हुसैन (चिकित्सा पदाधिकारी, सदर अस्पताल, मधुबनी) तथा आसिफ इमाम (राज्य हज निरीक्षक) सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि सभी चयनित यात्रियों को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि उनकी हज यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित एवं स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप संपन्न हो सके।
