मधुबनी, 12 फरवरी 2026
जिले में शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। डीएम आनंद कुमार शर्मा एवं एसपी योगेंद्र कुमार ने संयुक्त आदेश जारी करते हुए सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।
मैट्रिक परीक्षा 17 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 12:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से 5:15 बजे तक संचालित होगी। जिले में कुल 71 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें सदर अनुमंडल में 33, बेनीपट्टी में 8, जयनगर में 6, झंझारपुर में 17 तथा फुलपरास में 7 केंद्र शामिल हैं।
प्रवेश को लेकर सख्ती
प्रथम पाली के परीक्षार्थियों को सुबह 9:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली के परीक्षार्थियों को दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति होगी। विलंब से आने वाले परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
248 अधिकारी तैनात
कदाचारमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिले में 248 दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति स्टैटिक, गश्ती, जोनल, सुपर जोनल एवं उड़नदस्ता दंडाधिकारी के रूप में की गई है। सभी अधिकारियों को समय पर अपने निर्धारित स्थान पर पहुंचकर जिला नियंत्रण कक्ष को सूचित करने का निर्देश दिया गया है।
कड़ी निगरानी और प्रतिबंध
परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार से लेकर अंदर तक कड़ी निगरानी रहेगी। सभी परीक्षार्थियों की प्रवेश से पूर्व बॉडी फ्रिस्किंग की जाएगी। परीक्षा केंद्र के आसपास स्थित फोटोस्टेट, चाय-पान एवं किताबों की दुकानें परीक्षा अवधि के दौरान पूर्णतः बंद रहेंगी। परीक्षा के दिन सभी केंद्रों के 500 गज की परिधि में निषेधाज्ञा लागू रहेगी।
परीक्षार्थियों को केवल चप्पल पहनकर आने की अनुमति होगी, जूता-मोजा पहनकर आने पर प्रतिबंध रहेगा। मोबाइल या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूर्णतः प्रतिबंधित है। यदि किसी परीक्षार्थी के पास मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पाया जाता है तो संबंधित वीक्षक की भी जवाबदेही तय की जाएगी।
डीएम ने स्पष्ट कहा है कि कर्तव्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति कंप्यूटरीकृत रेंडमाइजेशन पद्धति से की गई है ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और नियमों का पालन करते हुए परीक्षा में शामिल हों।
