मधुबनी | 09 फरवरी 2026
अंधराठाढ़ी में प्रस्तावित भामती वाचस्पति महोत्सव के सफल, भव्य एवं गरिमामय आयोजन को लेकर जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से महोत्सव की तिथि 15 एवं 16 मार्च 2026 निर्धारित की गई।
बैठक के दौरान महोत्सव की संपूर्ण रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा, मंच एवं पंडाल व्यवस्था, अतिथि सत्कार, सुरक्षा प्रबंध, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, प्रचार-प्रसार के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं बौद्धिक प्रस्तुतियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समन्वय से होगा भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन:-
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि यह महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मिथिला की गौरवशाली बौद्धिक परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर है। उन्होंने यह भी कहा कि आगंतुकों की सुविधा और सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
भामती वाचस्पति की दार्शनिक विरासत को मिलेगी नई पहचान:-
बैठक में निर्णय लिया गया कि महोत्सव के माध्यम से महान दार्शनिक एवं विद्वान भामती वाचस्पति की दार्शनिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके अंतर्गत संगोष्ठी, व्याख्यान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रदर्शनी जैसे आयोजन शामिल किए जाएंगे, ताकि आमजन विशेषकर युवा पीढ़ी इस ऐतिहासिक विरासत से जुड़ सके।
बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मुकेश रंजन, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी नीतीश कुमार, भामती वाचस्पति समिति के अध्यक्ष, सचिव सहित समिति के अन्य वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने महोत्सव को सफल बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
