मधुबनी, 22 नवंबर 2026। मधुबनी जिले के कलुआही प्रखंड के राढ़ गांव के रहने वाले 21 वर्षीय युवा पत्रकार परमानंद कुमार नंद ने कम उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन आकाशवाणी दिल्ली में प्रोडक्शन सहायक के रूप में हुआ है। चयन परिणाम में उन्होंने 7वीं रैंक हासिल की है।
12 नवंबर 2026 को जारी परिणाम में परमानंद कुमार नंद का नाम सामने आने के बाद उनके गांव से लेकर जिले के पत्रकारिता जगत तक खुशी की लहर है। इससे पहले भी वह आकाशवाणी दिल्ली के तीन महीने के अनुभवजनित शिक्षण कार्यक्रम का हिस्सा रह चुके हैं।
गांव के युवा ने दिल्ली में बनाई पहचान
कलुआही प्रखंड के राढ़ गांव निवासी यदुनंदन प्रसाद यादव के पुत्र परमानंद कुमार नंद ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अपनी पहचान बनाई है। आकाशवाणी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में चयन उनके पत्रकारिता करियर की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
महज 21 साल की उम्र में परमानंद ने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। वह अपना न्यूज पोर्टल LRM Talks (#LRMTalks) भी संचालित कर रहे हैं।
पत्रकारिता के साथ दौड़ में भी दिखाया दम
परमानंद की पहचान सिर्फ युवा पत्रकार के तौर पर ही नहीं है। पत्रकारिता में आने से पहले वह लंबी दूरी के धावक भी रहे हैं और महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल कर चुके हैं।
वह आरटीआई कार्यकर्ता के तौर पर भी सक्रिय रहे हैं। कॉलेज की पढ़ाई के दौरान उन्होंने कई न्यूज पोर्टलों के साथ काम किया और पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना सफर आगे बढ़ाया।
मिथिला विश्वविद्यालय से की पढ़ाई
परमानंद कुमार नंद ने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। आगे की पढ़ाई वह इग्नू से कर रहे हैं। उन्होंने देव नारायण यादव महाविद्यालय, मधुबनी से इंटरमीडिएट और विराटपुर हाई स्कूल से मैट्रिक की पढ़ाई की है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा उनके पैतृक गांव में हुई।
पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें ‘जयनगर न्यूज’ समेत कई संस्थानों द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है।
आकाशवाणी में चयन पर बधाइयों का सिलसिला
परमानंद कुमार नंद के आकाशवाणी दिल्ली में प्रोडक्शन सहायक के रूप में चयन की खबर सामने आने के बाद उन्हें बधाई देने वालों का सिलसिला जारी है।
उनके पिता यदुनन्दन यादव, पत्रकार सुभाष सिंह यादव, समाजसेवी राजकुमार दास, पत्रकार सुरेश कुमार गुप्ता, बिहार हलचल पत्रिका के संपादक रामदुलार यादव, हिंदुस्तानी मीडिया के सीईओ एवं युवा एंकर सदफ कामरान, आरटीआई कार्यकर्ता ललन कुमार मिश्रा समेत कई पत्रकारों, साहित्यकारों, समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों ने उन्हें बधाई दी है।
शुभचिंतकों ने कहा कि बेहद कम उम्र में परमानंद कुमार नंद ने जिस तरह आकाशवाणी दिल्ली जैसी प्रतिष्ठित संस्था में जगह बनाई है, वह मधुबनी और पूरे मिथिला के लिए गर्व की बात है। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
