सकरी और रैयाम को लेकर भी गिनाए अपने प्रयास, बोले- विकास के मुद्दे पर राजनीति नहीं, तथ्यों पर हो बात
मधुबनी, 19 नवंबर 2026। लोहट चीनी मिल की जमीन के हस्तांतरण को लेकर मधुबनी में चल रही राजनीतिक बयानबाजी के बीच विधायक एवं राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता विधायक दल माधव आनंद ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि लोहट चीनी मिल की जमीन का हस्तांतरण वर्ष 2023-24 में ही जेके सीमेंट को किया जा चुका था, जबकि वे अक्टूबर-नवंबर 2025 के विधानसभा चुनाव के बाद विधायक बने। ऐसे में जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया में उनकी कोई भूमिका नहीं थी।
माधव आनंद ने कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि उन्होंने लोहट के भविष्य की चिंता छोड़ दी है। उनका लक्ष्य लोहट क्षेत्र में नए चीनी मिल की स्थापना कराना है और इसी दिशा में वे लगातार प्रयास कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री से मिले, गन्ना उद्योग मंत्री को भी सौंपा प्रतिवेदन
विधायक ने बताया कि उन्होंने 24 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर लोहट में नए चीनी मिल की स्थापना को लेकर प्रतिवेदन सौंपा था। इसके बाद मुख्यमंत्री की ओर से 2 सितंबर 2026 को गन्ना उद्योग विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके बाद 15 सितंबर 2026 को उन्होंने गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान से मुलाकात कर मुख्यमंत्री के निर्देशों और अपने अलग प्रतिवेदन के माध्यम से लोहट में नए चीनी मिल की स्थापना का मुद्दा विस्तार से रखा।
माधव आनंद के अनुसार सरकार की ओर से यह आश्वासन दिया गया है कि सकरी और रैयाम चीनी मिलों को चालू करने के बाद लोहट क्षेत्र में नए चीनी मिल की संभावना पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
“सकरी चीनी मिल चालू कराने के प्रयासों की भी चर्चा हो”
माधव आनंद ने सकरी चीनी मिल को लेकर भी अपनी भूमिका सामने रखी। उन्होंने कहा कि सकरी चीनी मिल को दोबारा चालू करने की दिशा में सरकार द्वारा लिया गया निर्णय उनके लगातार प्रयासों और संघर्ष का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि सकरी का मुद्दा उन्होंने विधानसभा के अंदर और बाहर लगातार उठाया तथा मुख्यमंत्री, गन्ना उद्योग मंत्री और संबंधित अधिकारियों के सामने मजबूती से रखा।
उन्होंने कहा, “मुझे व्यक्तिगत प्रशंसा की अपेक्षा नहीं है, लेकिन मधुबनी की जनता ने देखा है कि सकरी चीनी मिल को पुनः चालू करने की दिशा में किसने लगातार प्रयास किया और किसने मुख्यमंत्री से लेकर विभागीय स्तर तक अपनी बात मजबूती से रखी।”
रैयाम चालू होने से मधुबनी के किसानों को भी होगा फायदा
रैयाम चीनी मिल के मुद्दे पर विधायक ने कहा कि भले ही रैयाम दरभंगा जिले में है, लेकिन इसके चालू होने से मधुबनी के गन्ना किसानों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने दावा किया कि उन्होंने विधानसभा में सकरी, रैयाम और लोहट—तीनों चीनी मिलों का मुद्दा उठाया है। सरकार द्वारा सकरी और रैयाम को दोबारा चालू करने की दिशा में लिया गया निर्णय पूरे मिथिलांचल के लिए सकारात्मक पहल है।
दस्तावेज सार्वजनिक कर बोले- जनता खुद देखे पूरा सच
माधव आनंद ने कहा कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान सौंपे गए प्रतिवेदन, मुख्यमंत्री की ओर से प्राप्त जवाब और गन्ना उद्योग मंत्री को दिए गए प्रतिवेदन समेत पूरे मामले से जुड़े दस्तावेजों को वे सार्वजनिक कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मीडिया में प्रकाशित खबरों की प्रतियां भी सामने रखी जा रही हैं, ताकि जनता खुद दस्तावेज देखकर पूरे मामले को समझ सके और तथ्यों के आधार पर फैसला कर सके।
“मधुबनी विकास की दौड़ में करीब 20 साल पीछे”
विधायक ने मधुबनी के विकास को लेकर भी अपनी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय भी उन्होंने कहा था कि मधुबनी विकास की दौड़ में करीब 20 वर्ष पीछे रह गया है।
उन्होंने झंझारपुर का उदाहरण देते हुए कहा कि मधुबनी जिले के ही झंझारपुर में विकास के कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जबकि जिला मुख्यालय और जिले के अन्य क्षेत्रों में अपेक्षित गति से विकास नहीं हो पाया।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों से विकास के मुद्दों पर एकजुट होकर काम करने की अपील की।
“आलोचना कीजिए, लेकिन भाषा की मर्यादा रखिए”
हाल के दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, मधुबनी के जिलाधिकारी और उनके प्रति की गई कथित अभद्र टिप्पणियों पर भी माधव आनंद ने प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में आलोचना और सवाल पूछने का अधिकार सभी को है। उनके काम की आलोचना हो, उनसे सवाल पूछे जाएं और उनकी कमियां बताई जाएं, उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है। लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और संवैधानिक संस्थाओं एवं प्रशासनिक पदों का सम्मान जरूरी है।
उन्होंने कहा, “अगर किसी को मुझसे शिकायत है तो माधव आनंद की आलोचना कीजिए, मुझसे सवाल पूछिए, मुझे कठघरे में खड़ा कीजिए। मुझे कोई परेशानी नहीं है। लेकिन प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, चिराग पासवान और प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति अपशब्दों का प्रयोग नहीं होना चाहिए।”
“मेरा लक्ष्य राजनीतिक प्रतिस्पर्धा नहीं, विकसित मधुबनी है”
माधव आनंद ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी से व्यक्तिगत राजनीतिक प्रतिस्पर्धा करना या किसी का राजनीतिक अस्तित्व समाप्त करना नहीं है। उनका लक्ष्य आने वाली पीढ़ियों के लिए विकसित और समृद्ध मधुबनी बनाना है।
उन्होंने कहा कि किसान, युवा, माताएं-बहनें और आम परिवार उनकी प्राथमिकता हैं। आर्थिक सीमाओं और प्रशासनिक चुनौतियों के बावजूद वे जिले की महत्वपूर्ण समस्याओं को सरकार और संबंधित विभागों के सामने उठाते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि विधायक बने अभी एक वर्ष ही हुआ है और वे अपने प्रयासों को ठोस परिणाम में बदलने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
“मधुबनी को बिहार का नंबर वन जिला बनाने का संकल्प”
माधव आनंद ने कहा, “मुझे पद से ज्यादा जनता का विश्वास प्यारा है। मुझे राजनीति से ज्यादा मधुबनी की तरक्की प्यारी है।”
उन्होंने कहा कि उनका संकल्प मधुबनी को विकास की नई पहचान दिलाते हुए बिहार का नंबर वन जिला बनाने की दिशा में काम करना है। इसके लिए चाहे जितना विरोध और आलोचना झेलनी पड़े, वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
