अररिया: बिहार के अररिया जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल के पास तिलक समारोह से लौट रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में स्कॉर्पियो सवार छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
तिलक समारोह से लौट रहे थे सभी
जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में कुल सात लोग सवार थे। सभी अररिया जिले के सिकटी क्षेत्र में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने के बाद सुपौल जिले के अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल के पास चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया और स्कॉर्पियो पुल से नीचे नहर में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि वाहन नहर के पानी में डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
जेसीबी की मदद से बाहर निकाली गई स्कॉर्पियो
नहर में फंसी स्कॉर्पियो को बाहर निकालने के लिए जेसीबी की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला गया और उसमें सवार सभी सात लोगों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अररिया सदर अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।
एक ही गांव के बताए जा रहे मृतक
हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड क्षेत्र के थुमहा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवारों में कोहराम मच गया। तिलक समारोह की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है।
