पटना। दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मोकामा विधायक अनंत सिंह ने चुप्पी तोड़ दी है। शुक्रवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अनंत सिंह ने ऐसा बयान दिया, जिसने बिहार की सियासत में एक बार फिर हलचल पैदा कर दी है। उन्होंने सीधे तौर पर जदयू नेता नीरज कुमार पर दुलारचंद यादव की हत्या करवाने का आरोप लगाया। हालांकि, उनके इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
नीरज कुमार ने करवाई दुलारचंद यादव की हत्या’
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनंत सिंह ने दावा किया कि दुलारचंद यादव की हत्या नीरज कुमार ने करवाई और इस मामले में उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी पार्टी का विरोध नहीं किया था, बल्कि उनका विरोध सिर्फ नीरज कुमार से था।
अनंत सिंह ने यहां तक आरोप लगाया कि उनके खिलाफ दर्ज मामलों में भी नीरज कुमार की भूमिका रही है। उन्होंने पार्टी और सरकार पर भी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि नीरज कुमार ने जो कहा, पार्टी और सरकार ने उसी को सही मान लिया।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बोले- 1 दिसंबर को करेंगे सरेंडर
सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद अनंत सिंह ने साफ कर दिया कि वह 1 दिसंबर को सरेंडर करेंगे। हालांकि, उन्हें अब भी न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा, “हम सरेंडर करेंगे, कोर्ट से बेल मिलेगा। हमें न्यायालय पर भरोसा है।”
नीतीश कुमार और ललन सिंह से भी बनाई दूरी!
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनंत सिंह ने नीतीश कुमार को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जब तक ठीक थे, तब तक पार्टी में ऐसी स्थिति नहीं थी। उनके मुताबिक, नीतीश कुमार के रहते ऐसा कभी नहीं होता।
वहीं, अनंत सिंह ने साफ कहा कि वह न तो नीतीश कुमार से मिलने जाएंगे और न ही ललन सिंह से मुलाकात करेंगे। पार्टी के भविष्य पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि अब पार्टी का खाता खुलना भी मुश्किल होगा।
बिहार की राजनीति में फिर बढ़ी बयानबाजी
दुलारचंद यादव हत्याकांड पहले से ही बिहार की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब अनंत सिंह के ताजा आरोपों के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है। फिलहाल सबकी नजर 1 दिसंबर पर है, जब अनंत सिंह के सरेंडर की बात कही गई है। इसके बाद इस मामले में न्यायिक प्रक्रिया क्या मोड़ लेती है, यह देखना अहम होगा।
