मधुबनी | हिंदुस्तानी मीडिया
मधुबनी जिले के लखनौर थाना क्षेत्र स्थित बेलही गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग की घटना के बाद सोमवार को ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण एसपी) शिवम धाकड़ ने घटनास्थल का दौरा कर पूरे मामले का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ झंझारपुर एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण एसपी ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। इसके बाद उन्होंने घटना में घायल लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और ग्रामीणों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
मीडिया से बातचीत करते हुए ग्रामीण एसपी शिवम धाकड़ ने कहा कि जमीन विवाद में कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मामले में शामिल सभी दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित थानाध्यक्ष को फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर न्यायालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
एसपी ने बताया कि गांव में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो।
घटनास्थल के निरीक्षण के बाद ग्रामीण एसपी झंझारपुर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। इस दौरान गिरफ्तार आरोपियों को भी मीडिया के समक्ष प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों और उपलब्ध सबूतों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर रही है तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल बेलही गांव में स्थिति सामान्य और नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।
