मधुबनी: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला कार्यालय के सभागार में सोमवार को महान समाज सुधारक एवं संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला उपाध्यक्ष राधा देवी ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक सुबोध चौधरी ने किया। कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् गीत के साथ हुई। इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के तैल चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व बिहार विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा जिला प्रभारी डॉ. अर्जुन सहनी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज केवल एक संत ही नहीं, बल्कि महान समाज सुधारक थे। उन्होंने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समाज को समानता, करुणा, भाईचारे और सामाजिक न्याय का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज भी उनके विचार समाज के लिए प्रासंगिक हैं और लोगों को अन्याय एवं भेदभाव के खिलाफ संघर्ष करने की प्रेरणा देते हैं।
डॉ. सहनी ने बताया कि 29 जुलाई, गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय से कलश यात्रा और पदयात्रा की शुरुआत होगी, जो राज्य के सभी जिलों में पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक भाजपा की ओर से संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य संत रविदास के विचारों और उनके सामाजिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं विधान पार्षद घनश्याम ठाकुर ने कहा कि संत रविदास ने अपने विचारों और कर्मों से समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, जातिगत भेदभाव और सामाजिक विद्वेष को समाप्त करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संत रविदास की वाणी आज भी समाज को प्रेम, समानता और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही एक समरस और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य देवेंद्र कुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि संत रविदास का मानना था कि किसी भी व्यक्ति की पहचान उसके जन्म से नहीं, बल्कि उसके कर्म, गुण और आचरण से होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संत रविदास के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यशाला के दौरान वक्ताओं ने संत रविदास के जीवन, उनके सामाजिक योगदान और भारतीय समाज में उनकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया और कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री रंजीत यादव एवं सरोज सिंह, जिला मीडिया प्रभारी मनोज कुमार मुन्ना, जिला उपाध्यक्ष सतीश ठाकुर, प्रशांत ठाकुर, शिव शंकर पांडेय, आईटी सेल जिला संयोजक आदित्य झा, कार्यालय मंत्री कन्हैया साह, रणधीर ठाकुर, चंदन पासवान, प्रतिमा रंजन, चंद्रजीत यादव, सुमन झा, आनंद सिंह, स्वर्णिम गुप्ता, दिलीप ठाकुर, राम प्रकाश ठाकुर, अशोक राम, मनीष रंजन, रवि रंजन, गोपाल ठाकुर, रवि सिंह, पवन झा, हरिनाथ झा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
