मधुबनी, 19 जुलाई।
मधुबनी जिले के पंडौल प्रखंड स्थित श्री कामेश्वर हाई स्कूल, पंडौल में विकसित सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ। साथ ही नए शैक्षणिक सत्र का भी विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर बिहार सरकार के माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने ऑनलाइन माध्यम से विद्यालय का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मधुबनी विधानसभा के विधायक श्री माधव आनंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यालय पहुंचने पर छात्र-छात्राओं ने स्वागत-गान एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने विधायक का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
अपने संबोधन में विधायक माधव आनंद ने कहा कि बिहार सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है।
राज्य में आधुनिक सुविधाओं से युक्त आदर्श विद्यालयों की स्थापना इसी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं संस्कारयुक्त शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य और देश के विकास की सबसे मजबूत आधारशिला शिक्षा होती है।
यदि बच्चों को बेहतर शिक्षा, आधुनिक संसाधन और सकारात्मक वातावरण मिलेगा तो वे भविष्य में समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन और अनुशासन के साथ अध्ययन करने का आह्वान करते हुए कहा कि आज के छात्र ही कल के वैज्ञानिक, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, प्रशासक और जनप्रतिनिधि बनेंगे।
विधायक ने विद्यालय में मौजूद छात्र-छात्राओं की प्रतिभा, अनुशासन और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा और उत्साह यह साबित करता है कि बिहार का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि अच्छे नागरिक और मजबूत चरित्र निर्माण का सबसे प्रभावी साधन है।
उन्होंने विद्यालय परिवार, शिक्षकों और अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज और परिवार की भी है। सरकार बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और समाज के सहयोग से शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने मुख्यमंत्री एवं विधायक का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा का उत्कृष्ट केंद्र बनेगा और विकसित, आत्मनिर्भर तथा समृद्ध बिहार के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
