पटना | 14 जुलाई 2026
मिथिलांचल समेत पूरे बिहार में अपनी सादगी, जनसेवा और लोकप्रियता के लिए पहचाने जाने वाले बिहार सरकार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय राजकुमार महासेठ की आठवीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को पटना के स्काडा बिजनेस सेंटर सभागार में राष्ट्रीय वैश्य महासभा की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी और वैश्य समाज के बड़ी संख्या में प्रतिनिधि शामिल हुए तथा स्व. महासेठ के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य सरकार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि स्व. राजकुमार महासेठ एक विशाल व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने जीवनभर राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाया और अपने विरोधियों के साथ भी सम्मान, प्रेम और सहयोग का व्यवहार रखा। उन्होंने कहा कि ऐसे नेता समाज के लिए हमेशा प्रेरणा बने रहते हैं।
राष्ट्रीय वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री समीर महासेठ ने भावुक होते हुए कहा कि स्व. राजकुमार महासेठ उनके केवल पिता ही नहीं, बल्कि जीवन के सबसे बड़े गुरु भी थे। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने हमेशा समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए काम करने और बिना किसी समझौते के जनहित को सर्वोपरि रखने की सीख दी। उन्होंने कहा कि उन्हीं के आदर्शों पर चलते हुए समाज सेवा का कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है।
पूर्व मंत्री एवं समाजवादी नेता रामचंद्र पूर्वे ने स्व. महासेठ के राजनीतिक और सामाजिक जीवन पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने वार्ड पार्षद से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। इसके बाद वे बिहार विधान परिषद और विधानसभा के कई बार सदस्य बने तथा मंत्री रहते हुए भी आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर सक्रिय रहे।
राष्ट्रीय वैश्य महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पी.के. चौधरी ने कहा कि स्व. राजकुमार महासेठ संकल्प, समर्पण और समाज सेवा की जीवंत मिसाल थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय वैश्य महासभा जातिगत सीमाओं से ऊपर उठकर वैश्य समाज की एकता और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
वैश्य समाज चुनाव समिति के अध्यक्ष ई. सुंदर साहू ने आगामी चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि बांकीपुर में वैश्य समाज को एकजुट होकर अपनी राजनीतिक भागीदारी मजबूत करनी होगी। उन्होंने “अबकी बार वैश्य परिवार” का नारा देते हुए समाज से एकजुट होने की अपील की।
प्रदेश युवा अध्यक्ष मंजीत आनंद साहू ने कहा कि वर्तमान समय में छात्रों और युवाओं का भविष्य कई चुनौतियों से घिरा हुआ है। ऐसे समय में स्व. राजकुमार महासेठ का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने शिक्षा, समाज सेवा और व्यवसाय—तीनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देकर एक आदर्श स्थापित किया।
श्रद्धांजलि सभा में ओबरा विधायक डॉ. प्रकाश चंद्रा, बांकीपुर से राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता, राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष स्मिता पूर्वे, महासभा समन्वय समिति के चेयरमैन कमल नोपानी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हाकिम प्रसाद, प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद कुमार निराला सहित बिहार के विभिन्न जिलों से आए वैश्य समाज के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में स्वर्गीय राजकुमार महासेठ के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।
