Monday, July 13, 2026
No menu items!
Homeबिहारमधुबनी में अवैध कोडीन सिरप और विदेशी मुद्रा तस्करी का बड़ा खुलासा,...

मधुबनी में अवैध कोडीन सिरप और विदेशी मुद्रा तस्करी का बड़ा खुलासा, 19.9 लीटर कोडीन सिरप के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

 

मधुबनी, 13 जुलाई 2026।

मधुबनी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार और विदेशी मुद्रा के अवैध लेन-देन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 19.9 लीटर कोडीन युक्त सिरप, लाखों रुपये की नेपाली व भारतीय मुद्रा तथा अन्य विदेशी करेंसी के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय था और कोडीन युक्त सिरप की तस्करी के साथ-साथ विदेशी मुद्रा के अवैध लेन-देन में भी शामिल था।

यह कार्रवाई लदनियां थाना पुलिस द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी अभियान के दौरान की गई। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके आगे-पीछे के लिंक (Forward & Backward Linkages) की भी जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने निम्नलिखित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है—

ब्रह्मदेव कुमार राम, निवासी पिपराही, थाना लदनियां, जिला मधुबनी।

बब्लू कुमार चौधरी, निवासी खाजेडीह, थाना लदनियां, जिला मधुबनी।

शम्भू प्रसाद साह, निवासी पिपराही, थाना लदनियां, जिला मधुबनी।

क्या-क्या हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं, नकदी और विदेशी मुद्रा बरामद की। बरामद सामान में शामिल हैं—

19.9 लीटर कोडीन युक्त सिरप

नेपाली मुद्रा – 11,42,100 रुपये

नकली नेपाली मुद्रा – 750 रुपये

भारतीय मुद्रा – 5,33,101 रुपये

सऊदी अरब की मुद्रा – 6 रियाल

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की मुद्रा – 5 दिरहम

2 एंड्रॉयड मोबाइल फोन

1 कीपैड मोबाइल फोन

ऐसे हुआ पूरे नेटवर्क का खुलासा

पुलिस के अनुसार 12 जुलाई की रात विशेष गश्ती अभियान के दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से कोडीन सिरप लेकर नेपाल सीमा की ओर जाने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कड़हरवा के पास घेराबंदी की।

पुलिस को देखते ही मोटरसाइकिल सवार भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। उसकी पहचान ब्रह्मदेव कुमार राम के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 19 लीटर कोडीन सिरप बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह खाजेडीह स्थित बब्लू मेडिकल हॉल से नियमित रूप से कोडीन सिरप खरीदकर नेपाल सीमा क्षेत्र में बेचता था। मोबाइल की जांच में पैसों के लेन-देन से जुड़े स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी मिले।

मेडिकल हॉल पर छापेमारी

ब्रह्मदेव की निशानदेही पर पुलिस ने खाजेडीह स्थित बब्लू मेडिकल हॉल में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही संचालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी बब्लू कुमार चौधरी ने स्वीकार किया कि वह अपने भाई के साथ मेडिकल दुकान संचालित करता है और कोडीन सिरप की खरीद-बिक्री भी करता है। दुकान की तलाशी में 0.9 लीटर अतिरिक्त कोडीन सिरप, एक मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

तीसरे आरोपी के यहां मिली विदेशी मुद्रा

दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस पिपराही स्थित शम्भू प्रसाद साह की दुकान पहुंची। तलाशी के दौरान वहां से बड़ी मात्रा में नेपाली मुद्रा, नकली नेपाली नोट, भारतीय नकदी तथा सऊदी अरब और यूएई की करेंसी बरामद हुई। पुलिस ने एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी नेपाली मुद्रा लेकर भारतीय मुद्रा का विनिमय करते थे तथा कोडीन सिरप के अवैध कारोबार में निवेश कर मुनाफा आपस में बांटते थे।

पुलिस कर रही है गहन जांच

मधुबनी पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध कोडीन सिरप की सप्लाई कहां से होती थी और इसे किन-किन इलाकों में पहुंचाया जाता था। साथ ही विदेशी मुद्रा के अवैध लेन-देन से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।

इस मामले में लदनियां थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस ने कहा है कि पूरे गिरोह का पर्दाफाश होने तक कार्रवाई जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर