मधुबनी। मेडिकल शिक्षा का सपना देखने वाले छात्रों के लिए अब बेहतर मार्गदर्शन उनके अपने शहर में ही उपलब्ध होगा। इसी उद्देश्य के साथ EDU-HAWK Worldwide ने मधुबनी में अपने नए काउंसलिंग सेंटर का शुभारंभ किया। उद्घाटन के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में शिक्षा, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया और इस पहल को जिले के विद्यार्थियों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए EDU-HAWK Worldwide के संस्थापक एवं निदेशक आले नबी ने कहा कि भारत में हर वर्ष लाखों छात्र NEET परीक्षा उत्तीर्ण करते हैं, लेकिन मेडिकल कॉलेजों में सीमित सीटों और अत्यधिक फीस के कारण बड़ी संख्या में योग्य छात्र MBBS में प्रवेश से वंचित रह जाते हैं। ऐसे छात्रों के लिए नेपाल, जॉर्जिया, रूस, उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, बांग्लादेश, मिस्र, वियतनाम और अन्य देशों में मेडिकल शिक्षा बेहतर विकल्प हो सकती है। उन्होंने बताया कि संस्था छात्रों के अंक, बजट और पसंद के अनुसार उचित विश्वविद्यालय का चयन, प्रवेश प्रक्रिया, वीजा, यात्रा, दस्तावेज़ीकरण और पढ़ाई के दौरान आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराती है।
आले नबी ने कहा कि मधुबनी और आसपास के जिलों से लगातार मिल रही मांग को देखते हुए यहां काउंसलिंग सेंटर की स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से छात्रों और अभिभावकों को विश्वसनीय जानकारी एक ही स्थान पर मिलेगी। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि किसी भी एजेंट को सीधे भुगतान करने के बजाय केवल संबंधित विश्वविद्यालय के आधिकारिक बैंक खाते में ही शुल्क जमा करें और पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें।
रीजनल सेकेंडरी स्कूल के निदेशक डॉ. राम श्रृंगार पांडेय ने कहा कि मधुबनी शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में मेडिकल शिक्षा के लिए विशेषज्ञ काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध होना छात्रों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि देश में मेडिकल सीटों की कमी के कारण अनेक योग्य छात्र पीछे रह जाते हैं, ऐसे में सही मार्गदर्शन उन्हें नए अवसर प्रदान कर सकता है।
पोल स्टार स्कूल के निदेशक श्री कैलाश भारद्वाज ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और सीमित संसाधनों वाले छात्रों के लिए यह पहल काफी लाभकारी साबित होगी। उन्होंने कहा कि कम खर्च में मेडिकल शिक्षा प्राप्त कर विद्यार्थी डॉक्टर बनकर समाज की सेवा कर सकेंगे।
रीजनल सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार झा ने संस्था की पहल की सराहना करते हुए कहा कि विदेश में मेडिकल शिक्षा के इच्छुक छात्रों और अभिभावकों की सबसे बड़ी चिंता सुरक्षा, पढ़ाई की निरंतरता और आर्थिक व्यवस्था होती है। उन्होंने इन विषयों पर विस्तार से जानकारी ली और कहा कि पारदर्शी व्यवस्था छात्रों का विश्वास मजबूत करेगी।
राजद नेता मेहताब सिद्दीकी ने मधुबनी में EDU-HAWK Worldwide की शाखा खुलने पर पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि अब जिले के विद्यार्थियों को अपने ही शहर में गुणवत्तापूर्ण काउंसलिंग मिलेगी। इससे खासकर सीमित आर्थिक संसाधनों वाले छात्रों को मेडिकल शिक्षा के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम में मौजूद सभी अतिथियों ने विश्वास जताया कि EDU-HAWK Worldwide का यह काउंसलिंग सेंटर मधुबनी सहित आसपास के जिलों के विद्यार्थियों के लिए मेडिकल शिक्षा का भरोसेमंद मार्गदर्शन केंद्र बनेगा और अधिक से अधिक युवाओं को डॉक्टर बनने के अपने सपने को साकार करने में मदद करेगा।
