मुजफ्फरपुर |
मुजफ्फरपुर जिले के शिवाईपट्टी थाना क्षेत्र स्थित डेरा चौक बाजार में शनिवार सुबह बेखौफ अपराधियों ने एक दुकानदार की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 46 वर्षीय राम कुमार कुशवाहा के रूप में हुई है। वह डेरा चौक बाजार में बुक स्टोर चलाते थे। घटना उस समय हुई जब वह रोज की तरह दुकान खोलने से पहले मंदिर में पूजा करने गए थे। बताया जा रहा है कि शनिवार को उन्हें जमीन विवाद से जुड़े एक मामले में कोर्ट में गवाही देने जाना था, लेकिन उससे पहले ही अपराधियों ने उनकी हत्या कर दी।
मंदिर में पूजा के दौरान बरसाईं गोलियां
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 7 बजे राम कुमार कुशवाहा मंदिर में पूजा कर रहे थे। तभी पहले से घात लगाए दो बदमाश वहां पहुंचे। दोनों ने पिस्टल निकालकर करीब दो फीट की दूरी से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली उनके सीने में और दूसरी बांह में लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखे बरामद किए हैं।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
फायरिंग के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों ने गंभीर रूप से घायल राम कुमार को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आज कोर्ट में देनी थी गवाही
जानकारी के अनुसार, राम कुमार कुशवाहा का जमीन विवाद को लेकर एक मामला चल रहा था और शनिवार को उसी केस में उन्हें कोर्ट में गवाही देनी थी। परिजनों का आरोप है कि पिछले चार दिनों से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं, लेकिन उन्होंने इसकी ज्यादा चर्चा किसी से नहीं की थी।
मृतक के भाई मोहन प्रसाद ने बताया,
“रोज दुकान खोलने से पहले मंदिर जाते थे। आज जमीन विवाद के मामले में कोर्ट में तारीख थी। पिछले चार दिनों से उन्हें धमकी मिल रही थी।”
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही शिवाईपट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला जमीन विवाद या कारोबारी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा सभी बिंदुओं पर जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
