मधुबनी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय सभागार में शुक्रवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें स्मरण पर्व के अवसर पर भव्य जिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों, सिद्धांतों और संगठनात्मक योगदान को याद करते हुए कार्यकर्ताओं से उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभांशु झा ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री रंजीत यादव ने किया। शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने और वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद मंचासीन अतिथियों का अंगवस्त्र भेंटकर सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सिद्धांत, विचारधारा और आदर्श हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत रहेंगे।” उन्होंने कहा कि बलिदान दिवस से जन्म जयंती तक पूरे देश में सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शिक्षा, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का कार्य किया। उनका जीवन देशभक्ति, त्याग और समर्पण का अनुपम उदाहरण है।
सांसद डॉ. अशोक कुमार यादव ने कार्यकर्ताओं से 6 जुलाई तक सरल ऐप के माध्यम से चल रहे डिजिटल प्रशिक्षण महाअभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और सरकार डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों के भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
बिहार सरकार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि सांसद डॉ. अशोक कुमार यादव के लगातार प्रयासों से मधुबनी को केंद्रीय विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक सौगात मिली है, जो पूरे मिथिलांचल के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रवाद की जिस विचारधारा की नींव रखी थी, वह आज देश के विकास और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का आधार बनी हुई है।
इस अवसर पर मधुबनी नगर निगम के मेयर अरुण राय ने घोषणा की कि नगर निगम क्षेत्र में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी एवं जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। उनकी इस घोषणा का उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम में विधान पार्षद घनश्याम ठाकुर, पूर्व विधायक डॉ. रामप्रीत पासवान, प्रदेश मंत्री जन्मेजय सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष भागेंद्र ठाकुर, शंकर झा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं जिले भर से आए कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।
