नशा मुक्त भारत सप्ताह पर मधुबनी समाहरणालय में सामूहिक शपथ एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
मधुबनी, 25 जून 2026।
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित नशा मुक्त भारत सप्ताह के अवसर पर बुधवार को मधुबनी समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में जिला स्तरीय वृहद जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं तथा अन्य प्रतिभागियों को नशा मुक्त समाज के निर्माण की सामूहिक शपथ दिलाई।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि नशा व्यक्ति के जीवन को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखते हुए उन्हें शिक्षा, खेल, रोजगार, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना आज की बड़ी जरूरत है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे अपने गांव, मोहल्ले और परिवार में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाएं तथा समाज में नशा विरोधी माहौल तैयार करने में सहयोग करें।
पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने कहा कि नशे के विरुद्ध अभियान तभी सफल होगा, जब समाज का प्रत्येक वर्ग इसके खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होगा। उन्होंने लोगों से नशे के सेवन और अवैध कारोबार के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना प्रशासन को देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति केंद्र के संचालक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक स्वास्थ्य, उत्पाद अधीक्षक विजय कुमार ठाकुर एवं सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नितेश पाठक ने नशे के दुष्प्रभावों, सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान तथा नशा मुक्ति के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायक क्षण तब रहा, जब पहले नशे की लत से जूझ चुके और अब पूरी तरह नशा मुक्त हो चुके लोगों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि दृढ़ इच्छाशक्ति, परिवार का सहयोग और नशा मुक्ति केंद्रों की मदद से उन्होंने अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया। उनके अनुभवों ने उपस्थित युवाओं और आम लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता मुकेश रंजन, नशा मुक्ति केंद्र के संचालक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक स्वास्थ्य, उत्पाद अधीक्षक विजय कुमार ठाकुर, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नितेश पाठक सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी, आशा कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी सेविकाएं उपस्थित थीं।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि नशे के खिलाफ अभियान में सहभागी बनें और स्वस्थ, सुरक्षित तथा जागरूक समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
किसी भी प्रकार की सहायता अथवा सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06276-222576 पर संपर्क किया जा सकता है।
