मधुबनी, बिहार:
जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। बिस्फी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुल 267.615 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान शराब तस्करी में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक मोटरसाइकिल एवं दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रात्रि गश्ती के दौरान बिस्फी थाना पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि भरणटोल निवासी बलवीर कुमार उर्फ मणीशंकर अपने सहयोगियों के साथ क्षेत्र में अवैध विदेशी शराब की तस्करी कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल सत्यापन किया और भरणटोल के पूर्व स्थित आम गाछी के समीप घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी।
इसी क्रम में एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान बलवीर कुमार उर्फ मणीशंकर तथा रंजन कुमार के रूप में हुई।
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर आम गाछी क्षेत्र से 147 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई करते हुए गढ़ौल गांव स्थित एक भूसा घर तथा बिस्फी डीह में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई और दो अन्य आरोपियों गनौर सहनी तथा शंभू साह को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। बरामद शराब को विभिन्न स्थानों पर छिपाकर रखा गया था, जिसे पुलिस ने सफलतापूर्वक जब्त कर लिया। मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जा सके।
गिरफ्तार आरोपी
बलवीर कुमार उर्फ मणीशंकर, निवासी भरणटोल, बिस्फी
रंजन कुमार, निवासी बिस्फी डीह टोल, बिस्फी
गनौर सहनी, निवासी उसरा गढ़ौल, बिस्फी
शंभू साह, निवासी बिस्फी डीह, बिस्फी
बरामद सामान
267.615 लीटर विदेशी शराब
01 मोटरसाइकिल
02 मोबाइल फोन
बिस्फी थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
