प्रबुद्धजनों, व्यवसायियों और बुद्धिजीवियों से संवाद; मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर हुई विस्तृत चर्चा
मधुबनी: केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मधुबनी के सांसद डॉ. अशोक कुमार यादव ने शहर में व्यापक जनसंपर्क एवं जनसंवाद अभियान चलाकर विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद स्थापित किया।
इस दौरान उन्होंने प्रबुद्धजनों, व्यवसायियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बुद्धिजीवियों से मुलाकात कर केंद्र सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सरकार की उपलब्धियों पर आधारित विशेष पुस्तिका भी भेंट की।
जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. अशोक कुमार यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है।
देश में आधारभूत संरचना के अभूतपूर्व विस्तार, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण, किसानों के उत्थान, युवाओं के लिए नए अवसरों तथा राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सांसद ने कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। केंद्र सरकार की जनहितकारी नीतियों और विकासोन्मुखी सोच का परिणाम है कि देश के हर क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।
इस अभियान में राष्ट्रीय परिषद सदस्य देवेंद्र कुमार यादव, जिला महामंत्री सुबोध कुमार चौधरी, जिला मीडिया प्रभारी मनोज कुमार मुन्ना, जिला उपाध्यक्ष सतीश ठाकुर, प्रशांत ठाकुर, आईटी सेल जिला संयोजक आदित्य झा सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जनसंपर्क अभियान के दौरान सांसद ने शहर के कई प्रतिष्ठित व्यवसायियों एवं गणमान्य नागरिकों से भी मुलाकात की। संदीप पंजियार, बमबम पूर्वे, विश्वनाथ कारक, विमल जायसवाल, मंजीत प्रसाद, मनीष प्रसाद, राजेन राउत, संजीत महतो, एस.एन. लाल और सुभाष झा सहित कई प्रमुख लोगों ने अपने प्रतिष्ठानों पर सांसद का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान विकास, सुशासन और जनकल्याण के मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई तथा केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।
