Friday, June 5, 2026
No menu items!
Homeबिहारसेवा-संवाद-समाधान कार्यक्रम में आमजनों की समस्याएं सुनी गईं, त्वरित समाधान के लिए...

सेवा-संवाद-समाधान कार्यक्रम में आमजनों की समस्याएं सुनी गईं, त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को दिए गए निर्देश

 

मधुबनी, 05 जून 2026।

जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देशानुसार समाहरणालय परिसर में सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के अंतर्गत ‘‘सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)’’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता मुकेश रंजन एवं अपर समाहर्ता (आपदा) संतोष कुमार ने आम नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस अवसर पर प्राप्त आवेदनों के आलोक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से भी कार्यक्रम से जुड़े और शिकायतों के समाधान के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों में आने वाली कठिनाइयों का त्वरित समाधान उपलब्ध कराना तथा प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संवाद एवं विश्वास स्थापित करना है। जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए लोगों ने भूमि विवाद, अतिक्रमण, सार्वजनिक मार्ग, सड़क एवं अन्य जनहित से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा।

लदनियां थाना क्षेत्र के गजहारा निवासी ने निजी भूमि पर कचरा घर निर्माण किए जाने की शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि मामला न्यायालय में लंबित है। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि न्यायालय के निर्णय तक संबंधित भूमि पर कोई अन्य कार्य नहीं कराया जाए।

पंडौल थाना क्षेत्र के इशहपुर वार्ड संख्या-02 के ग्रामीणों ने सार्वजनिक आवागमन की सुविधा के लिए स्थायी सार्वजनिक अथवा सरकारी मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि पर्याप्त सड़क सुविधा के अभाव में लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

मधुबनी नगर निगम क्षेत्र के अयाची नगर निवासी अरुण कुमार ठाकुर ने विद्यापति नगर स्थित अपनी निजी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा जबरन पीसीसी सड़क निर्माण कराने की आशंका व्यक्त करते हुए प्रशासन से भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की।

भेजा थाना क्षेत्र की निवासी मोसमात सुगिया देवी ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी निजी भूमि पर जबरन घर का निर्माण कर लिया गया है। उन्होंने प्रशासन से उचित जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

इसी प्रकार लौकही अंचल के भवानीपुर गांव के ग्रामीणों ने आवेदन देकर पक्की सड़क पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत की और अतिक्रमण हटाकर आवागमन बहाल कराने का अनुरोध किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के पदाधिकारी अपने-अपने कार्यालय कक्षों में उपस्थित रहे तथा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए। संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

प्रशासन द्वारा संचालित ‘‘सबका सम्मान-जीवन आसान’’ कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को सम्मानजनक, पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है। यह पहल आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जनहितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी निवारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें बेहतर प्रशासनिक सेवाएं प्राप्त हो सकें।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने क्रमवार सभी आवेदकों की शिकायतें सुनीं तथा उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर