Saturday, June 13, 2026
No menu items!
Homeबिहारभारत-नेपाल जटही बॉर्डर का डीएम ने किया निरीक्षण, सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव...

भारत-नेपाल जटही बॉर्डर का डीएम ने किया निरीक्षण, सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव शीघ्र भेजने का निर्देश

 

मधुबनी, 2 जून 2026:

मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने मंगलवार को हरलाखी प्रखंड स्थित भारत-नेपाल जटही सीमा क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पिपरौन से जटही बॉर्डर तक जाने वाली महत्वपूर्ण सड़क का जायजा लिया और हाल ही में कराए गए मरम्मती कार्यों की गुणवत्ता एवं वर्तमान स्थिति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता को सड़क के 7 मीटर चौड़ीकरण के लिए अविलंब विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के लिए यह सड़क काफी महत्वपूर्ण है और इसके चौड़ीकरण से आम लोगों, व्यापारिक गतिविधियों तथा सुरक्षा एजेंसियों की आवाजाही अधिक सुगम और सुरक्षित होगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि यह सड़क पूर्व में काफी जर्जर स्थिति में थी, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी। जिला प्रशासन की पहल पर कराए गए मरम्मती कार्य के बाद सड़क की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और वर्तमान में यातायात सुचारु रूप से संचालित हो रहा है। सड़क के चौड़ीकरण से सीमा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने के साथ-साथ संपर्क व्यवस्था भी और मजबूत होगी।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने जटही बॉर्डर स्थित निजी बस स्टैंड का भी निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके अलावा उन्होंने सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा एवं सीमा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने कहा कि सीमा क्षेत्र के विकास, बेहतर संपर्क व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र को मजबूत बनाने के लिए जिला प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। सभी आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान बेनीपट्टी के अनुमंडल पदाधिकारी एसपी पांडेय, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी परिमल कुमार, ओएसडी नितेश पाठक, एडीएमओ रजनीश कुमार, संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य प्रशासनिक एवं तकनीकी अधिकारी मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर