शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
मधुबनी | 25 मई 2026
आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मधुबनी जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। पर्व के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने संयुक्त आदेश जारी करते हुए जिले के 417 महत्वपूर्ण एवं अति संवेदनशील स्थलों पर 834 दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है। इसके साथ ही पर्याप्त संख्या में सशस्त्र पुलिस बल, दंगा नियंत्रण बल एवं विशेष सुरक्षा टीमों को भी तैनात किया गया है।
प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को समय पर अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचकर पूरी सतर्कता, गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा। जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को अपने ड्यूटी स्थल से संयुक्त उपस्थिति फोटो जिला प्रशासन के अधिकृत व्हाट्सएप नंबर पर भेजने का भी निर्देश दिया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की जा सके।
अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने स्पष्ट कहा है कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, सांप्रदायिक तनाव, शरारत या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता जिले में शांति, सद्भाव एवं आपसी विश्वास का माहौल बनाए रखना है।
वहीं पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि जिले के सभी संवेदनशील इलाकों में सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई है। ये पुलिसकर्मी लगातार संदिग्ध गतिविधियों एवं शरारती तत्वों पर नजर रखेंगे। सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थानाध्यक्ष एवं पुलिस बल को चौकन्ना एवं सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है।
बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्ष करेंगे लगातार क्षेत्र भ्रमण
विधि-व्यवस्था की सतत निगरानी के लिए जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचलाधिकारी (सीओ) एवं थानाध्यक्षों को आपसी समन्वय के साथ लगातार क्षेत्र भ्रमण करने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को क्षेत्रवार जिम्मेदारी सौंपते हुए पल-पल की स्थिति से जिला मुख्यालय को अवगत कराने को कहा गया है।
24 घंटे सक्रिय रहेगा जिला नियंत्रण कक्ष
बकरीद पर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष को 25 मई 2026 के पूर्वाह्न से 29 मई 2026 के अपराह्न तक लगातार 24 घंटे कार्यरत रखने का निर्णय लिया गया है। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06276-224425 जारी किया गया है।
पूरे नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी अपर समाहर्ता मुकेश रंजन झा को सौंपी गई है। नियंत्रण कक्ष को तीन शिफ्टों में संचालित किया जाएगा, जहां पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं कर्मियों की तैनाती की गई है।
दंगा नियंत्रण बल और अग्निशमन विभाग भी अलर्ट
प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए दंगा नियंत्रण बल, वज्र वाहन, अग्निशमन दस्ता एवं अन्य आवश्यक संसाधनों को पूरी तरह तैयार रखा है। अग्निशमन विभाग को भी निर्देश दिया गया है कि सभी उपकरण एवं कर्मी हर समय अलर्ट मोड में रहें।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के लिए साइबर सेल सक्रिय
सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक पोस्टों पर नजर रखने के लिए जिला साइबर सेल एवं जिला जनसम्पर्क कार्यालय की सोशल मीडिया टीम को 24 घंटे सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर झूठी, भ्रामक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट करने या साझा करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की लोगों से अपील
जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि बकरीद का पर्व प्रेम, भाईचारे, शांति और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को उपलब्ध कराएं।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर पूरी तैयारी की गई है और सभी अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
