बिजली करंट से युवक की मौत के बाद भड़का आक्रोश, अस्पताल में मची अफरा-तफरी
मधुबनी। जिले के मॉडल सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में रविवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब असामाजिक तत्वों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्यकर्मियों में दहशत का माहौल है। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के सिंघानिया चौक निवासी एक युवक की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई थी। युवक की मौत की खबर फैलते ही आक्रोशित लोगों की भीड़ मॉडल सदर अस्पताल पहुंच गई। बताया जा रहा है कि करीब 20 से 30 की संख्या में पहुंचे लोगों ने इमरजेंसी वार्ड में जमकर हंगामा किया और अस्पताल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उपद्रवियों ने अस्पताल के मुख्य गेट के शीशे तोड़ दिए और कई सरकारी सामानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के बीच भय का माहौल बन गया। कुछ देर के लिए अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
घटना की सूचना मिलते ही हेल्थ मैनेजर अब्दुल मजीद तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि उपद्रवियों द्वारा अस्पताल की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया गया है। प्रशासन पूरे मामले का आकलन कर रहा है।
वहीं, ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि हंगामा कर रहे युवकों ने समझाने के बावजूद जबरन धक्का-मुक्की की। डॉक्टरों ने कहा कि घटना के दौरान वे काफी भयभीत हो गए थे और इस तरह की घटनाएं स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करती हैं।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने गहरा दुख और नाराजगी व्यक्त करते हुए नगर थाना में लिखित आवेदन दिया है। अस्पताल उपाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन ने कई अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही नगर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि अस्पताल प्रशासन से आवेदन प्राप्त हो चुका है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अन्य उपद्रवियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के बाद डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
