मधुबनी | हिंदुस्तानी मीडिया
मधुबनी पुलिस ने जिले में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। बिस्फी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की गई दो मोटरसाइकिलों के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मधुबनी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 8 मई 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे बिस्फी थाना क्षेत्र के हनुमान नगर स्थित पंचायत सरकारी भवन के पास दो संदिग्ध युवक एक मोटरसाइकिल चोरी कर भागने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान स्थानीय ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई। ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बिस्फी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान उसकी पहचान भगवान जी कुमार यादव के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में उसने मोटरसाइकिल चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। साथ ही उसने खुलासा किया कि इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं, जो चोरी की घटनाओं को अंजाम देने से पहले इलाके की रेकी किया करते थे।
इसके बाद बिस्फी थाना में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की। मानवीय आसूचना और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त
1. भगवान जी कुमार यादव, निवासी बिस्फी हाट, थाना बिस्फी, जिला मधुबनी
2. रामसंयोग यादव, निवासी बिस्फी हाट, थाना बिस्फी, जिला मधुबनी
3. बुद्धू उर्फ राजदेव यादव, निवासी बिस्फी हाट, थानामधुबनी पुलिस की बड़ी सफलता: सक्रिय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार बिस्फी, जिला मधुबनी
4. मोहम्मद इरशाद, निवासी बिस्फी हाट, थाना बिस्फी, जिला मधुबनी
पुलिस द्वारा बरामदगी
चोरी की गई दो मोटरसाइकिल
मधुबनी पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराध और चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आम लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
