मधुबनी, 05 मई 2026:
पंचायत आम निर्वाचन को लेकर मधुबनी जिले में प्रशासनिक तैयारी अब तेज़ हो गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के गठन से संबंधित प्रपत्र-1 का प्रारूप प्रकाशन कर दिया गया है।
यह कार्रवाई राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार के दिशा-निर्देशों के तहत की गई है। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2011 की जनसंख्या के आधार पर विभिन्न पंचायत स्तरीय पदों के लिए निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण किया गया है।
किन पदों के लिए हुआ प्रारूप जारी?
जिले में निम्नलिखित पदों के लिए निर्वाचन क्षेत्र का प्रारूप प्रकाशित किया गया है:
ग्राम पंचायत सदस्य / पंच: 5334 पद
मुखिया / सरपंच: 386 पद
पंचायत समिति सदस्य: 543 पद
जिला परिषद सदस्य: 58 पद
कब और कहाँ हुआ प्रकाशन?
सभी प्रखंडों में पदस्थापित निर्वाची पदाधिकारी (पंचायत) सह प्रखंड विकास पदाधिकारियों द्वारा
04 जून 2026 को निर्धारित स्थलों पर इस प्रारूप का विधिवत प्रकाशन किया गया।
आपत्ति और सुझाव का मिलेगा मौका:
प्रपत्र-1 के प्रारूप प्रकाशन के बाद अब आम जनता, जनप्रतिनिधि और संबंधित पक्षों को इस पर आपत्ति और सुझाव देने का अवसर मिलेगा। इसके आधार पर अंतिम सूची तैयार की जाएगी, जो आगामी पंचायत चुनाव की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
चुनाव प्रक्रिया की ओर बढ़ता कदम:
यह प्रारूप प्रकाशन पंचायत चुनाव 2026 की दिशा में एक अहम प्रशासनिक कदम माना जा रहा है। इससे न केवल निर्वाचन क्षेत्रों की स्पष्टता आएगी, बल्कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने में भी मदद मिलेगी।
