नई दिल्ली/मधुबनी,
मधुबनी (36) के विधायक माधव आनंद ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मधुबनी जिले के औद्योगिक विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।
बैठक में जिले में औद्योगिकीकरण को गति देने, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन बढ़ाने तथा निजी निवेश को आकर्षित करने जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से टेक्सटाइल, हैंडीक्राफ्ट, हैंडलूम, सिल्क और अन्य पारंपरिक उद्योगों के विकास पर जोर दिया गया।
विधायक माधव आनंद ने मंत्री को बताया कि मधुबनी पारंपरिक कला और वस्त्र उद्योग के क्षेत्र में समृद्ध विरासत रखता है। यहां के उत्पादों को उचित प्रोत्साहन, आधुनिक तकनीक और सरकारी सहयोग के जरिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाई जा सकती है। उन्होंने नए उद्योगों की स्थापना और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि वस्त्र मंत्रालय की ओर से मधुबनी के औद्योगिक विकास के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
बैठक के बाद विधायक माधव आनंद ने मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सकारात्मक पहल से मधुबनी में औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी और क्षेत्र आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढ़ेगा।
