मधुबनी। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में सक्रिय लूट गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से अवैध हथियार, कारतूस, गांजा और लूटी गई तीन मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 14 मार्च 2026 की रात करीब 2 बजे राजनगर थाना को सूचना मिली कि कांड संख्या 129/26 के संदिग्ध अपराधी ललित लक्ष्मीपुर चौक के पास लूटी गई मोटरसाइकिल के साथ किसी नई वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही राजनगर थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखते ही चौक के पास मौजूद चारों युवक मोटरसाइकिल से भागने लगे, लेकिन पुलिस बल की तत्परता से उन्हें वाहन सहित पकड़ लिया गया। शुरू में सभी आरोपी अपना नाम बदल-बदल कर बता रहे थे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उनकी पहचान मनीष कुमार सहनी, सोनू सहनी, संतोष कुमार यादव और मिथलेश कुमार उर्फ भरत के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान मनीष कुमार सहनी के पास से एक लोडेड देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और गांजा बरामद हुआ। वहीं संतोष कुमार यादव के पास से भी एक देशी कट्टा और मोबाइल मिला। अन्य आरोपियों के पास से मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से बरामद तीनों मोटरसाइकिल लूटी गई थीं, जिनका इस्तेमाल अवैध शराब तस्करी, लूट और छिनतई जैसी घटनाओं को अंजाम देने में किया जाता था।
गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की भी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
मनीष कुमार सहनी, ललित लक्ष्मीपुर, थाना राजनगर, जिला मधुबनी
सोनू सहनी, ललित लक्ष्मीपुर, थाना राजनगर, जिला मधुबनी
संतोष कुमार यादव, हिरापटी, थाना राजनगर, जिला मधुबनी
मिथलेश कुमार उर्फ भरत, ललित लक्ष्मीपुर, थाना राजनगर, जिला मधुबनी
बरामदगी:
देशी कट्टा – 02
जिंदा कारतूस – 01
गांजा – 1.630 ग्राम
मोटरसाइकिल – 03
मोबाइल फोन – 04
मधुबनी पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराध पर नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
