मधुबनी, 11 मार्च 2026।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के बाद मधुबनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिस्फी थाना में डायल-112 पर प्रतिनियुक्त एक पुलिस अधिकारी को निलंबित कर दिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है तथा नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो सामने आया जिसमें कथित तौर पर बिस्फी थाना क्षेत्र में डायल-112 पर तैनात पुलिस अवर निरीक्षक कमलेश राम एक व्यक्ति से अनुचित तरीके से अवैध शराब की मांग करते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस विभाग की छवि पर सवाल उठने लगे।
मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस अधीक्षक, मधुबनी ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) बेनीपट्टी को सौंपी गई है, जो पूरे मामले की पड़ताल कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो 3 मार्च 2026 का है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने त्वरित दंडात्मक कार्रवाई करते हुए पु०अ०नि० कमलेश राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इसके साथ ही कमलेश राम और सुंदर लाल यादव के खिलाफ बिहार मद्य निषेध अधिनियम की धाराओं में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता या कानून के उल्लंघन के किसी भी मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और मधुबनी पुलिस न्यायोचित एवं त्वरित कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
