मधुबनी।
मधुबनी नगर थाना परिसर में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने थाने में घुसकर पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए एक पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़ लिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने धक्का-मुक्की की और थाना परिसर में रखी सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को मौके से गिरफ्तार कर लिया और मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान सकरी थाना क्षेत्र के मुकर्रमपुर निवासी कमल चौहान के रूप में हुई है। बताया जाता है कि कमल चौहान अपने भाई को छुड़ाने के लिए नगर थाना पहुंचा था। उसका भाई जालसाजी के एक मामले में सकरी थाना का आरोपी है, जिसे पुलिस कार्रवाई के तहत नगर थाना लाई थी।
अपने भाई की गिरफ्तारी से नाराज कमल चौहान थाना परिसर में पहुंचते ही पुलिसकर्मियों से उलझ गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और उसने ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान उसने एक पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़ लिया और उसके साथ धक्का-मुक्की करने लगा। घटना से कुछ देर के लिए थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हंगामे के दौरान आरोपी ने थाना परिसर में रखे कुछ सामानों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा और पुलिस के नियमित कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। स्थिति बिगड़ते देख मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर आरोपी को काबू में लिया और हिरासत में ले लिया।
इस संबंध में नगर थाना में तैनात सिपाही धर्मेंद्र कुमार के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार, मारपीट तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और अराजकता फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
