जिला प्रशासन मधुबनी ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन के अनुसार 12 मई 2026 को जिले में कुल 54 हजार 290 एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं और सभी गैस एजेंसियों के माध्यम से नियमित रूप से उपभोक्ताओं तक आपूर्ति की जा रही है।
जिले में विभिन्न कंपनियों के 103 गैस वितरकों द्वारा एलपीजी गैस की आपूर्ति की जा रही है। प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक 1 मार्च 2026 से 11 मई 2026 तक कुल 9 लाख 92 हजार 761 सिलेंडरों की बुकिंग की गई है।
प्रशासन ने बताया कि गैस बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के जरिए सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। ऐसे में लोगों से गैस एजेंसियों पर भीड़ नहीं लगाने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।
प्रशासन ने यह भी जानकारी दी कि शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के बाद ही अगली गैस बुकिंग संभव होगी। उपभोक्ताओं से ओटीपी (डीएसी) प्राप्त कर अधिकृत वेंडर से ही सिलेंडर लेने को कहा गया है।
शिकायत और सुझाव के लिए उपभोक्ता गैस कंपनियों के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा जारी गूगल फॉर्म के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
शिकायत लिंक:
एलपीजी शिकायत एवं सुझाव फॉर्म�
इसके अलावा जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06276-222576 पर भी शिकायत या सुझाव दिए जा सकते हैं।
वहीं जिले के पेट्रोल पंपों पर 493 हजार लीटर पेट्रोल और 674.5 हजार लीटर डीजल का स्टॉक उपलब्ध बताया गया है। प्रशासन ने लोगों से पेट्रोल-डीजल का अनावश्यक भंडारण नहीं करने की अपील की है।
जिला प्रशासन ने यह भी कहा है कि कुछ स्थानों से गैस वितरकों और उनके कर्मियों द्वारा उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें मिली हैं। ऐसे मामलों की जांच कर संबंधित एजेंसियों और कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
