नगर थाना पुलिस को शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शहर के एयरपोर्ट क्षेत्र के समीप बंदरगाछी इलाके में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद जिले में सक्रिय शराब तस्करों के नेटवर्क में हड़कंप मच गया हैl
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बंदरगाछी इलाके में बड़े पैमाने पर शराब का अवैध भंडारण किया गया है और तस्कर इसे अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई करने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई कार्टन में रखी विदेशी शराब बरामद की। जांच में कुल 1629 लीटर शराब जब्त की गई। बरामद शराब अलग-अलग ब्रांड की बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से शराब की खेप को जब्त कर थाना लाया, जबकि कार्रवाई की भनक लगते ही तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह शराब बाहर से तस्करी कर जिले में लाई गई थी। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि जिले में शराब सप्लाई करने वाले संगठित गिरोह का इसमें हाथ हो सकता है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और फरार तस्करों की पहचान के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से शराब तस्करी की गतिविधियां चल रही थीं। हालांकि पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध कारोबार में शामिल लोगों में डर का माहौल देखा जा रहा है।
पुलिस ने साफ कहा है कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है और अवैध शराब कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि शराब तस्करी या किसी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
