पटना/मधुबनी। जन सुराज ने अपनी मीडिया टीम के विस्तार और संगठनात्मक जिम्मेदारियों के तहत अभिषेक नरेंद्र सिंह को प्रदेश मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक प्रदेश स्तर पर मीडिया संबंधी गतिविधियों के समन्वय की जिम्मेदारी अब अभिषेक नरेंद्र सिंह संभालेंगे।
जानकारी के अनुसार जन सुराज की ओर से 44 संगठ जिलों के जिला मीडिया प्रभारियों की सूची को अंतिम रूप दिया गया है। इसी क्रम में प्रदेश स्तर पर अभिषेक नरेंद्र सिंह को प्रदेश मीडिया प्रभारी नियुक्त किए जाने की जानकारी दी गई है।
2022 से जन सुराज के साथ जुड़े हैं अभिषेक नरेंद्र सिंह
अभिषेक नरेंद्र सिंह की जन सुराज के साथ जुड़ाव की शुरुआत अक्टूबर 2022 से बताई गई है। संगठन की जानकारी के अनुसार वे शुरुआत से ही जन सुराज के साथ जुड़े रहे हैं। संगठन में उनकी जिम्मेदारियों का विस्तार अलग-अलग चरणों में हुआ। उन्हें बिहार में युवा क्लब के कार्यों की जिम्मेदारी दी गई। इसके बाद कैंप कोऑर्डिनेशन का दायित्व संभाला। इसके बाद रामगढ़ उपचुनाव के दौरान संगठनात्मक स्तर पर नेतृत्व की भूमिका निभाने की जानकारी दी गई है।
2025 विधानसभा चुनाव में भी निभाई संगठनात्मक भूमिका
पोस्टर के अनुसार वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव के दौरान अभिषेक नरेंद्र सिंह शाहाबाद जोन के चार जिलों के कोऑर्डिनेटर रहे। इस दौरान उन्होंने चारों जिलों में चुनावी एवं संगठनात्मक गतिविधियों के बीच समन्वय का काम किया।
इसके बाद उन्हें जन सुराज में प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई। अब संगठन की ओर से उन्हें प्रदेश मीडिया प्रभारी की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। जानकारी के मुताबिक अभिषेक नरेंद्र सिंह का मूल निवास मधुबनी जिला, राजनगर प्रखंड बताया गया है।
उन्हें जन सुराज के सक्रिय कार्यकर्ता और प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी निभाने वाले नेता के रूप में प्रस्तुत किया गया है। पोस्टर में यह भी उल्लेख है कि मिथिला क्षेत्र से आने वाले अभिषेक नरेंद्र सिंह ने संगठनात्मक गतिविधियों के जरिए मिथिला की पहचान को मजबूत करने पर काम किया है।
मीडिया के जरिए संगठन को मजबूत करने पर जोर
प्रदेश मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद संगठन की मीडिया गतिविधियों, संचार और जनसंपर्क से जुड़े कामों में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी। नरेंद्र सिंह के हवाले से कहा गया है कि मीडिया के माध्यम से जन सुराज को हर घर तक पहुंचाना संगठन का लक्ष्य है।
जन सुराज की ओर से जारी इस प्रोफाइल में उनके अब तक के संगठनात्मक सफर को “संघर्ष से संगठन तक और अब प्रदेश मीडिया की कमान” के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
