7वें वेतन आयोग के आधार पर बोनस देने और बढ़े हुए बोनस का एरियर भुगतान की मांग, ECREU ने मनाया बोनस बढ़ोतरी दिवस
रक्सौल। रेलवे कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर बुधवार को रक्सौल में ईस्ट सेंट्रल रेलवे एम्प्लाइज यूनियन (ECREU) ने जोरदार तरीके से आवाज उठाई। रेलवे स्टेशन के पास आयोजित बोनस बढ़ोतरी एवं सुधार दिवस कार्यक्रम में कर्मचारियों ने बोनस, पुरानी पेंशन, वेतन, प्रमोशन, ट्रांसफर और निजीकरण समेत कई मुद्दों को लेकर अपनी मांगें रखीं।
कार्यक्रम का नेतृत्व ECREU के केंद्रीय (जोनल) संयुक्त महासचिव रत्नेश वर्मा ने किया। यह कार्यक्रम इंडियन रेलवे एम्प्लाइज फेडरेशन (IREF) के आह्वान पर पूर्व मध्य रेलवे जोन के विभिन्न हिस्सों में आयोजित कार्यक्रमों के तहत किया गया।
बोनस को लेकर बड़ी मांग
कार्यक्रम के दौरान यूनियन ने मांग की कि 2025-26 के P.L.B. बोनस का भुगतान सातवें वेतन आयोग के वेतन को आधार बनाकर किया जाए। साथ ही पूर्व में बढ़ाए गए बोनस के हिस्से का एरियर भी कर्मचारियों को देने की मांग की गई।
रत्नेश वर्मा ने कहा कि कर्मचारियों को मिलने वाला बोनस, वेतन, भत्ता और अन्य सुविधाएं उनके अधिकार से जुड़ी हैं। यूनियन इन मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है।
OPS की बहाली समेत कई मुद्दे
ECREU ने NPS/UPS को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने, रेलवे में निजीकरण और निगमीकरण पर रोक लगाने तथा श्रम कानूनों से जुड़े बदलावों को वापस लेने की मांग उठाई।
यूनियन की ओर से रेलवे में रिक्त पदों को भर्ती और प्रमोशन से भरने, आउटसोर्सिंग पर रोक लगाने, ठेका कर्मचारियों को समान काम के लिए समान वेतन देने और कर्मचारियों के लिए आठ घंटे का ड्यूटी रोस्टर लागू करने की मांग भी की गई।
18 महीने के DA एरियर का भी मुद्दा
कार्यक्रम में 1 जनवरी 2020 से 30 जून 2021 तक के 18 माह के DA एरियर के भुगतान की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इसके अलावा कर्मचारियों के प्रमोशन, ट्रांसफर, सुरक्षा उपकरण, रेलवे आवास, अस्पताल, विश्रामालय और अन्य सुविधाओं से जुड़े कई मुद्दे सामने रखे गए।
रक्सौल और सीतामढ़ी में रेलवे अस्पताल की मांग
यूनियन ने रक्सौल और सीतामढ़ी में रेलवे चिकित्सा केंद्र स्थापित करने की मांग की। इसके साथ ही सभी जंक्शन स्टेशनों पर कर्मचारी विश्रामालय, बड़े स्टेशनों पर नियमित कर्मचारी सुविधा शिविर और रेलवे कर्मचारियों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की मांग रखी गई।
स्थानीय मांगों में साइकिल भत्ता के एरियर का भुगतान, लेवल-5 से नीचे के कर्मचारियों से की-मैन और मेट का कार्य नहीं कराने तथा लंबित स्थानांतरण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने की मांग शामिल रही।
कार्यक्रम में शत्रुधन प्रसाद, विवेक कुमार, सुरेश यादव, सोनू कुमार, अजीत कुमार, सित्तू कुमार, राकेश कुमार, राहुल कुमार, कृष्णा कुमार, शिवम कुमार, धर्मनाथ कुमार, संजय कुमार, कृष्ण कुमार यादव, धनंजय कुमार समेत रेलवे के विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।
ECREU ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर आगे भी चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।
