Sunday, September 20, 2026
No menu items!
Homeबिहाररीजनल सेकेंडरी स्कूल में हिंदी दिवस पखवाड़ा का भव्य शुभारंभ, छात्र-छात्राओं ने...

रीजनल सेकेंडरी स्कूल में हिंदी दिवस पखवाड़ा का भव्य शुभारंभ, छात्र-छात्राओं ने दिखाया प्रतिभा का जलवा

दीप प्रज्वलन, स्वागत गीत और मिथिला परंपरा के साथ हुआ आगाज; अतिथियों ने कहा- हिंदी हमारी भाषा ही नहीं, सांस्कृतिक पहचान भी

मधुबनी। जीवछ चौक, सप्ता स्थित रीजनल सेकेंडरी स्कूल में हिंदी दिवस पखवाड़ा 2026 का भव्य शुभारंभ उत्साह, गरिमा और सांस्कृतिक माहौल के बीच हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक डॉ. राम श्रृंगार पांडेय, प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार झा तथा विशिष्ट अतिथियों ज्योति रमण झा ‘बाबा’, शुभ कुमार वर्णवाल, राजेश पाण्डेय और डॉ. राम दयाल यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। वहीं विद्यालय के निदेशक और प्राचार्य ने मिथिला की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप अतिथियों को पाग और दोपटा पहनाकर सम्मानित किया। दीप प्रज्वलन, स्वागत गीत और अतिथियों के सम्मान के साथ हिंदी भाषा के सम्मान एवं संवर्धन को समर्पित पखवाड़े का विधिवत शुभारंभ हुआ।

हिंदी के प्रति गर्व और सम्मान का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ज्योति रमण झा ‘बाबा’, शुभ कुमार वर्णवाल, राजेश पाण्डेय एवं डॉ. राम दयाल यादव ने हिंदी भाषा के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी भाषा के प्रति गर्व, सम्मान और जुड़ाव की भावना विकसित करने का आह्वान किया।
विद्यालय के निदेशक डॉ. राम श्रृंगार पाण्डेय ने अध्यक्षीय संबोधन में हिंदी भाषा की गहराई, विविधता और समृद्ध परंपरा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़े रहने तथा दैनिक व्यवहार में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षकों और विद्यार्थियों को ऐसे आयोजनों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया।

प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार झा ने स्वागत भाषण में अतिथियों, अभिभावकों और मीडिया प्रतिनिधियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि “हिंदी सिर्फ हमारी भाषा नहीं, बल्कि हमारी आत्मा और सांस्कृतिक पहचान है।” उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों से हिंदी के प्रति समर्पण की भावना रखने की अपील की।

भाषण से लेकर कविता और क्विज तक, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
विद्यालय के शैक्षणिक निदेशक प्रत्युष परिमल एवं प्रशासक राजीव कुमार ने आयोजन के लिए शिक्षकों और विद्यार्थियों की सराहना की। वहीं उप प्राचार्य पवन कुमार तिवारी ने सभी को हिंदी दिवस पखवाड़ा की शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय में 14 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक हिंदी दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न साहित्यिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कक्षा 2 से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
विद्यार्थियों ने भाषण, कविता पाठ, निबंध लेखन, सुलेख, प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा, साहित्य, रचनात्मक अभिव्यक्ति और अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति रुचि विकसित करना है।

शिक्षकों और सहयोगियों की रही अहम भूमिका
हिंदी दिवस पखवाड़ा के सफल आयोजन में हिंदी शिक्षिकाओं एवं शिक्षकों अनामिका चौधरी, रीता झा, विभा झा, रानी कुमारी, अर्पणा कुमारी, मनोरमा झा, भावना भारती और शशिकांत झा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वहीं शैलेन्द्र पांडे, सुमित चौधरी, अमित कुमार शाही, राजाराम झा, राधामोहन झा और श्वेता कुमारी ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।

कार्यक्रम के दौरान भारतेंदु हरिश्चंद्र की प्रसिद्ध पंक्ति “निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल” को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों को हिंदी की समृद्ध परंपरा, संस्कृति और राष्ट्रीय पहचान से जोड़ने का संदेश दिया गया।
विद्यालय परिवार ने हिंदी दिवस पखवाड़ा के माध्यम से विद्यार्थियों में भाषा, साहित्य और अभिव्यक्ति के प्रति रुचि विकसित करने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम का संचालन कक्षा 11वीं की श्वेता द्वय, प्रिंसी एवं अंशिका ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ शिक्षिका अनामिका चौधरी ने किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर