मधुबनी। शहर के गंगासागर स्टेशन चौक पर महिला के गले से मंगलसूत्र चोरी किए जाने के मामले में नगर थाना पुलिस ने अंतरजिला महिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह की तीन महिला सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं के पास से चोरी के दो मंगलसूत्र, एक मोबाइल फोन और एक हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान समस्तीपुर जिले के लदौरा गांव निवासी जिगर चौधरी की पत्नी नेहा कुमारी, अंग्रेज चौधरी की पत्नी विमला देवी और बिरजा चौधरी की पत्नी शकुंतला देवी के रूप में हुई है।
स्टेशन चौक पर महिला को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, गंगासागर निवासी कांति देवी स्टेशन चौक पर मौजूद थीं। इसी दौरान कुछ महिलाओं ने उन्हें बातचीत में उलझाया और मौका पाकर उनके गले से मंगलसूत्र चोरी कर लिया। कुछ देर बाद जब कांति देवी को मंगलसूत्र गायब होने का एहसास हुआ तो उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया।
शोर सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक संदिग्ध महिला को पकड़ लिया और उसे नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
पूछताछ के बाद सामने आया पूरा नेटवर्क
पुलिस ने पकड़ी गई महिला से कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी और उसकी निशानदेही के आधार पर पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। कार्रवाई के दौरान गिरोह की दो अन्य महिला सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ में गिरोह के काम करने के तरीके और अन्य सदस्यों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
एएसपी रश्मि कुमारी ने खुद पहुंचकर की पूछताछ
मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी रश्मि कुमारी खुद नगर थाना पहुंचीं और गिरफ्तार महिलाओं से गहन पूछताछ की। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
एएसपी रश्मि कुमारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अंतरजिला स्तर पर सक्रिय है और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों को निशाना बनाता है। गिरोह के सदस्य पहले लोगों को बातचीत में उलझाते हैं और फिर मौका देखकर आभूषण या अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते हैं।
पर्व-त्योहार को लेकर पुलिस ने जारी की विशेष अपील
आगामी इंद्र पूजा और दुर्गा पूजा को देखते हुए पुलिस ने आम लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। एएसपी रश्मि कुमारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों, पूजा स्थलों और आभूषण दुकानों में काफी भीड़ रहती है। ऐसे में चोरी करने वाले गिरोह भीड़ का फायदा उठा सकते हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि बाजार या भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने गले के आभूषण, मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान को लेकर विशेष सावधानी बरतें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल पुलिस को सूचना दें।
नगर थाना पुलिस गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। पुलिस की छापेमारी आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।
