Friday, August 21, 2026
No menu items!
Homeबिहारडीएम आवास के सामने हथियारबंद बदमाशों ने की छिनतई, पूर्व प्रमुख पति...

डीएम आवास के सामने हथियारबंद बदमाशों ने की छिनतई, पूर्व प्रमुख पति से करीब एक लाख की सोने की चेन लूटी

मधुबनी। शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में दिनदहाड़े हुई छिनतई की वारदात ने पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे जिलाधिकारी आवास के ठीक सामने दो बाइक पर सवार चार हथियारबंद बदमाशों ने पंडौल प्रखंड के पूर्व प्रमुख पति हीरालाल दास को घेरकर सोने की चेन समेत अन्य सामान छीन लिया।

पीड़ित हीरालाल दास के अनुसार, वह कोतवाली चौक की तरफ से जा रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार अज्ञात युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। डीएम आवास के मुख्य द्वार के पास पहुंचते ही बदमाशों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया।

हीरालाल दास का आरोप है कि बदमाशों के हाथों में देसी कट्टा और चाकू था। हथियार लहराते हुए बदमाशों ने उन्हें धमकाया और कहा कि “एसपी साहब का आदेश है, अपना सारा सामान, गले की चेन और मोबाइल हमारे हवाले कर दो और हमारे साथ एसपी ऑफिस चलो।”

पीड़ित के मुताबिक, बदमाशों ने विरोध करने पर गोली मारने और चाकू से हमला करने की धमकी भी दी। इस दौरान बदमाशों ने उनके गले से करीब डेढ़ भरी सोने की चेन झपट ली, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात के बाद चारों बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

दिनदहाड़े और वह भी डीएम आवास जैसे वीआईपी इलाके के सामने हुई इस घटना से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना के तुरंत बाद पीड़ित नगर थाना पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं।

इधर, नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर भी जांच कर रही है।

डीएम आवास के सामने हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आरोपियों तक कब पहुंचती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर