‘हर घर तिरंगा’ के संदेश के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा, बच्चों से लेकर युवाओं तक दिखा जबरदस्त जोश
मधुबनी। स्वतंत्रता दिवस से पहले बुधवार को मधुबनी की सड़कों पर देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिला प्रशासन की ओर से निकली भव्य तिरंगा यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए। हाथों में तिरंगा, जुबां पर ‘वंदे मातरम्’ और चेहरे पर देशभक्ति का जोश—पूरा शहर राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।
जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा को रवाना किया। यात्रा में स्कूली बच्चों, कॉलेज छात्रों, एनसीसी कैडेट्स, भारत स्काउट एंड गाइड, जामिया इस्लामिया के छात्रों, युवाओं, महिलाओं, शिक्षकों, स्वास्थ्यकर्मियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

ड्रम की गूंज और तिरंगे का जोश
यात्रा के दौरान स्काउट एंड गाइड के छात्रों की ड्रम की ताल और युवाओं के जोश ने माहौल को पूरी तरह देशभक्तिमय बना दिया। तिरंगा रथ से गूंजते ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों ने लोगों में उत्साह भर दिया।
‘हर घर तिरंगा-घर घर तिरंगा’ के नारों से मधुबनी की सड़कें गूंजती रहीं। लोगों को स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने का संदेश दिया गया।
इन रास्तों से गुजरी तिरंगा यात्रा
तिरंगा यात्रा +2 बालिका उच्च विद्यालय से शुरू होकर थाना मोड़, रेलवे स्टेशन और बाटा चौक होते हुए शिवगंगा बालिका उच्च विद्यालय पहुंची। यहां यात्रा का समापन हुआ। इसके बाद डीएम आनंद शर्मा ने लोगों को संबोधित किया और सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया।
एकता का संदेश, साथ में नशामुक्ति की शपथ
इस दौरान डीएम आनंद शर्मा और वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने देश की एकता, अखंडता और आपसी सद्भावना का संदेश देते हुए तीन रंगों वाले गुब्बारों के गुच्छे को आकाश में उड़ाया।
डीएम ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई और जिलेवासियों से राष्ट्र निर्माण, स्वच्छता और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।
डीएम आनंद शर्मा ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मधुबनी की सामूहिक देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्सव है। बच्चों, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की भागीदारी ने साबित किया कि तिरंगा पूरे समाज को एक सूत्र में जोड़ता है।
तिरंगा यात्रा में जिले के कई वरीय अधिकारी, प्रशासनिक कर्मी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।
