जयनगर। मधुबनी जिले के जयनगर स्थित कमला रोड राम जानकी मंदिर परिसर में प्रत्येक वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी अन्नकुट महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के बीच आयोजित इस महोत्सव में भगवान को 56 प्रकार के पकवानों एवं व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। इसके बाद आयोजित महाप्रसाद लंगर में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा। पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित हुए। विधिवत पूजा के दौरान क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।
एक दशक से निभाई जा रही है 56 भोग की परंपरा
श्री अन्नकुट सेवा समिति, राम जानकी मंदिर (कमला रोड, जयनगर) के डॉ. सुनील राउत एवं शिक्षक संजय राउत ने संयुक्त रूप से बताया कि अन्नकुट महोत्सव हिंदू धर्म की एक महत्वपूर्ण धार्मिक परंपरा है। कमला रोड स्थित राम जानकी मंदिर में वर्षों पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पिछले लगभग एक दशक से समाज के सहयोग से समिति के नेतृत्व में 56 भोग का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस परंपरा के तहत भगवान को 56 प्रकार के पकवानों एवं व्यंजनों का भोग लगाया जाता है। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाता है। इस आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में प्रेम, भाईचारा, सेवा और सद्भाव की भावना को मजबूत करना है।
कई गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
महोत्सव में विशंभर पूर्वे, डॉ. शत्रुधन कारक, मनीष महतो, भाजपा के वरिष्ठ नेता उद्धव कुंवर, अरविंद तिवारी, समाजसेवी रामप्रसाद राउत, दिनेश वर्मा, पूर्व विधायक प्रत्याशी ब्रज किशोर यादव, शिक्षाविद डॉ. मनोज वर्मा, पूर्व प्रमुख सूर्यनाथ यादव, नीलेश सिंह, प्रदीप यादव, अमित यादव, सुजीत यादव, सचिन चौधरी, मनीष गुप्ता, पत्रकार पप्पू पूर्वे, संतोष शर्मा, लक्ष्मण यादव, सुजीत कुमार, विवेक सूरी, नवीन साह एवं सुमित पंजीयार सहित शहर के कई गणमान्य व्यक्ति और हजारों स्थानीय श्रद्धालु शामिल हुए।
आयोजन में शामिल लोगों ने अन्नकुट महोत्सव को धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया। श्री अन्नकुट सेवा समिति की ओर से आयोजित इस महोत्सव में 56 भोग और महाप्रसाद लंगर के माध्यम से श्रद्धा, भक्ति और सेवा का संदेश दिया गया।
