मधुबनी/झंझारपुर। बिहार के मधुबनी जिले की मिट्टी में पले-बढ़े लोगों ने विदेश की धरती पर भी भारतीय संस्कृति और परंपरा की पहचान कायम की है। इसी कड़ी में झंझारपुर क्षेत्र के सिमरा गांव निवासी विकास चंद्र दास के नेतृत्व में नाइजीरिया के लागोस में भोजपुरी परिवार ग्लोबल फाउंडेशन की ओर से भव्य ‘GEETANJALI – Voice of India 2026’ चैरिटी शो का आयोजन किया गया।
लागोस के Oriental Hotel, Victoria Island में आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय संगीत, कला और संस्कृति की शानदार झलक देखने को मिली। प्रसिद्ध कलाकार मधुबंती बागची ने लाइव प्रस्तुति देकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति और संगीत के प्रति लोगों का उत्साह देखने लायक रहा।
मिथिला के लोगों की रही अहम भूमिका
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में भोजपुरी परिवार ग्लोबल फाउंडेशन के प्रेसिडेंट विकास चंद्र दास, चेयरमैन (ट्रस्ट) अमरेंद्र कुमार सिन्हा, जनरल सेक्रेटरी चीफ संजय कुमार झा, सेक्रेटरी (ट्रस्ट) निलेश कुमार और ट्रेजरर दिनेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सामूहिक प्रयासों से आयोजित इस चैरिटी शो का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं था, बल्कि भारतीय संस्कृति, संगीत, सामाजिक एकजुटता और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना भी था।
नाइजीरिया में भारतीय संस्कृति को जीवंत रखने में जुटे चीफ संजय कुमार झा
गौरतलब है कि सिंघयोन गांव निवासी चीफ संजय कुमार झा लंबे समय से नाइजीरिया में भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने की दिशा में सक्रिय हैं। इससे पहले भी उनके नेतृत्व में लागोस के एल्को बीच स्थित सनराइज रिसॉर्ट में भोजपुरी परिवार ग्लोबल फाउंडेशन के तत्वावधान में भव्य होली समारोह का आयोजन किया गया था।
उस आयोजन में भारतीयों के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया था। रंगों की होली, पारंपरिक उल्लास, भारतीय व्यंजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने विदेशी धरती पर भारत और खासकर मिथिला की यादें ताजा कर दी थीं।
चीफ संजय कुमार झा ने कहा कि विदेश में रहकर भी अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखना सभी की जिम्मेदारी है। होली हो या संगीत का कार्यक्रम, ऐसे आयोजन लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने और भारतीय संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि नाइजीरिया में भारतीय समुदाय को एक मंच पर लाकर सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को आगे बढ़ाना संस्था की प्राथमिकता है।
विकास चंद्र दास ने जताया गर्व
भोजपुरी परिवार ग्लोबल फाउंडेशन के प्रेसिडेंट विकास चंद्र दास, जो मूल रूप से सिमरा, झंझारपुर, मधुबनी के निवासी हैं, ने कहा कि उन्हें गर्व है कि भारत और खासकर मिथिला की संस्कृति को विश्व स्तर तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचाया जा सकता है। विदेश में भारतीय संस्कृति के प्रति लोगों की रुचि और उत्साह इस बात का प्रमाण है कि भारतीय परंपराओं की अपनी अलग पहचान है।
नई पीढ़ी को जड़ों से जोड़ना संस्था का उद्देश्य
चेयरमैन (ट्रस्ट) अमरेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल त्योहार या सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाना और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना भी है।
वहीं, जनरल सेक्रेटरी चीफ संजय कुमार झा, सेक्रेटरी (ट्रस्ट) निलेश कुमार और ट्रेजरर दिनेश सिंह ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों, प्रायोजकों, कलाकारों और दर्शकों के प्रति आभार जताया।
‘GEETANJALI – Voice of India 2026’ ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि मधुबनी और मिथिला की मिट्टी से निकली प्रतिभा और भारतीय संस्कृति की खुशबू सात समंदर पार भी लोगों के दिलों तक पहुंच रही है।
