मधुबनी | 11 जुलाई 2026
डीएम आनंद शर्मा ने दिए निर्देश, 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों का भी बनेगा आयुष्मान वय वंदना कार्ड
मधुबनी जिले में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को स्वास्थ्य सुरक्षा से जोड़ने के लिए 21 जुलाई 2026 से 15 दिनों का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (महादलित) टोलों में विकास मित्रों के माध्यम से घर-घर जाकर आयुष्मान कार्ड और आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाए जाएंगे।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत सभी पात्र परिवारों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाना सुनिश्चित किया जाए। वहीं, 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को उनकी सामाजिक या आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना आयुष्मान वय वंदना योजना से जोड़ा जाएगा।
योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने का प्रावधान है। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति इस स्वास्थ्य सुरक्षा योजना से वंचित न रहे।
अभियान के दौरान विकास मित्र लाभार्थियों की पहचान कर उनका कार्ड बनाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर लाभार्थियों को नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) भेजकर भी कार्ड बनवाया जाएगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बरतने वाले विकास मित्रों अथवा अन्य कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान की निगरानी के लिए वरीय उप समाहर्ता ज्योति रानी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। वे जिला कल्याण पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक (आयुष्मान भारत) के साथ पूरे अभियान की मॉनिटरिंग करेंगी। वहीं, जिला क्रियान्वयन इकाई, आयुष्मान भारत कार्यालय को नए यूजर आईडी निर्माण सहित सभी आवश्यक तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
यह विशेष अभियान जिले के सभी पात्र लाभार्थियों तक आयुष्मान योजना का लाभ पहुंचाने और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
