मधुबनी | 5 जुलाई 2026
मधुबनी जिले में आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे नागरिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 7 जुलाई 2026 (मंगलवार) को जिले के सभी 21 प्रखंडों की 26 पंचायतों तथा 7 नगर निकायों के 15 वार्डों में जन सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। यह अभियान बिहार सरकार की उस पहल का हिस्सा है, जिसके तहत पंचायत और नगर स्तर पर लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर शिविर के सफल संचालन के लिए सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के साथ संयुक्त आदेश जारी कर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
किन-किन विभागों की मिलेगी सेवा?
जन सहयोग शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, श्रम, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, ग्रामीण विकास, पंचायत राज, विद्युत, पेयजल एवं स्वच्छता सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। प्रत्येक स्टॉल पर विभागीय अधिकारी मौजूद रहेंगे, जो लोगों की शिकायतें सुनेंगे, आवेदन स्वीकार करेंगे और योजनाओं की जानकारी देंगे।
इन योजनाओं से जुड़े कार्य होंगे
शिविर में नागरिक निम्नलिखित सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे—
राशन कार्ड से संबंधित कार्य
आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र
सामाजिक सुरक्षा पेंशन
प्रधानमंत्री आवास योजना
मनरेगा
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि
छात्रवृत्ति
श्रमिक पंजीकरण
स्वास्थ्य योजनाएं
अन्य सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के आवेदन एवं समस्याओं का समाधान
पात्र लाभार्थियों के दस्तावेजों की जांच कर आवेदन भी मौके पर स्वीकार किए जाएंगे।
नगर क्षेत्रों में भी लगेगा शिविर
ग्रामीण पंचायतों के साथ-साथ नगर निगम मधुबनी, नगर परिषद झंझारपुर तथा नगर पंचायत बेनीपट्टी, फुलपरास, जयनगर और घोघरडीहा सहित कुल 7 नगर निकायों के 15 वार्डों में भी सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे।
डीएम और एसएसपी करेंगे निरीक्षण
जिलाधिकारी आनंद शर्मा, वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार सहित जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न शिविरों का निरीक्षण करेंगे। अधिकारी आम लोगों की शिकायतें सुनेंगे और उनके त्वरित समाधान की प्रक्रिया की निगरानी भी करेंगे।
अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की तैयारी
जिला प्रशासन की ओर से पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, जीविका दीदियों तथा स्थानीय संस्थाओं के माध्यम से शिविर की जानकारी गांव-गांव पहुंचाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
इन पंचायतों में लगेगा जन सहयोग शिविर
7 जुलाई को मधवापुर, खुटौना, खजौली, कलुआही, बेनीपट्टी, राजनगर, पंडौल, बिस्फी, लखनौर, घोघरडीहा, बासोपट्टी, जयनगर, झंझारपुर, फुलपरास, बाबूबरही, लौकही, मधेपुर, रहिका, लदनियां, हरलाखी और अंधराठाढ़ी प्रखंडों की चयनित 26 पंचायतों में जन सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से निर्धारित तिथि और स्थान पर पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराने तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ लेने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि इस पहल से सरकारी सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी, शिकायतों का समयबद्ध निपटारा होगा और प्रशासन व आम जनता के बीच संवाद और मजबूत होगा।
