मधुबनी | 27 जून 2026
मधुबनी जिले की सभी ग्राम पंचायतों में रविवार, 28 जून को “पंचायत विकास दिवस” मनाया जाएगा। बिहार सरकार के निर्देश के अनुसार अब प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को सभी पंचायतों में यह कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
इस बार आयोजित होने वाले पंचायत विकास दिवस का मुख्य विषय “महिला हितैषी ग्राम पंचायत” रखा गया है। कार्यक्रम सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक पंचायत सरकार भवन, सामुदायिक भवन या अन्य निर्धारित सार्वजनिक स्थल पर आयोजित होगा।
जिले की प्रभारी मंत्री एवं बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री श्रीमती लेशी सिंह झंझारपुर प्रखंड की महीनाथपुर ग्राम पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस दौरान जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्राम सभा के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम में पंचायतों में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। साथ ही स्थानीय जरूरतों के अनुसार नई योजनाओं के चयन, भविष्य की विकास रूपरेखा और पंचायतों के समग्र विकास पर चर्चा होगी। उत्कृष्ट पंचायतों द्वारा किए गए विकास कार्यों का वीडियो प्रदर्शन भी किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री “मन की बात” कार्यक्रम का सामूहिक प्रसारण भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इस कार्यक्रम से जुड़ सकें।
पंचायत विकास दिवस के दौरान स्थानीयकृत सतत विकास के नौ प्रमुख लक्ष्यों—गरीबी उन्मूलन, बेहतर आजीविका, स्वास्थ्य, बाल कल्याण, जल संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित वातावरण, मजबूत आधारभूत संरचना, सामाजिक न्याय, सुशासन तथा महिला सशक्तिकरण—पर विशेष चर्चा कर कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर अपनी पंचायत के विकास में सक्रिय योगदान दें।
