Friday, June 26, 2026
No menu items!
Homeबिहारमुहर्रम पर मधुबनी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, हर गतिविधि पर प्रशासन की...

मुहर्रम पर मधुबनी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, हर गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर; डीएम-एसपी स्वयं कर रहे मॉनिटरिंग

मधुबनी, 26 जून 2026। जिले में मुहर्रम का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के माहौल में मनाया जा रहा है। पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख चौक-चौराहों, जुलूस मार्गों तथा महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके और कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे।


प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) को 24 घंटे सक्रिय रखा है। नियंत्रण कक्ष से पूरे जिले की पल-पल की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभिन्न थाना क्षेत्रों से प्राप्त सूचनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी परिस्थिति में त्वरित निर्णय लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को पूरी तरह अलर्ट रखा गया है। इसके साथ ही पुलिस बल को संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त करने तथा जुलूसों की गतिविधियों पर विशेष नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार स्वयं जिले की सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। दोनों अधिकारी नियंत्रण कक्ष और फील्ड अधिकारियों से लगातार संपर्क में रहकर हर गतिविधि की मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि मुहर्रम का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति, भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। साथ ही अफवाहों से बचने तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने का अनुरोध किया गया है। प्रशासन ने कहा है कि किसी भी प्रकार की सूचना, शिकायत या सहायता की आवश्यकता होने पर नागरिक जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06276-224425 पर तत्काल संपर्क कर सकते हैं।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ है और मुहर्रम के अवसर पर सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए हैं, ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

— जिला जनसंपर्क कार्यालय, मधुबनी

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर