बिहार के मधुबनी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बकरी द्वारा बांस का पत्ता खाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि 75 वर्षीय वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना झंझारपुर अनुमंडल के भैरवस्थान थाना क्षेत्र अंतर्गत ओलीपुर गांव की बताई जा रही है। मृतक की पहचान 75 वर्षीय तृपित मंडल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम बकरी द्वारा बांस का पत्ता खा लेने को लेकर पड़ोसियों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने वृद्ध के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनके सीने पर जोरदार मुक्का मारा गया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े और उनकी हालत गंभीर हो गई।
परिजन आनन-फानन में उन्हें संभालने पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी स्थिति बिगड़ चुकी थी। घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक की पतोहू सुलेखा देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में मिथिलेश मंडल उर्फ मिथ्ठल मंडल, उसकी पत्नी कौशल्या देवी और पुत्री कंचन देवी को आरोपी बनाया है।
घटना की सूचना मिलते ही भैरवस्थान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ झंझारपुर भी घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मिथिलेश मंडल को हिरासत में ले लिया है। थाना अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी और मृतक आपस में रिश्तेदार भी थे। घटना के बाद गांव में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है। मृतक की पत्नी रेशमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
